‘समझौता लगभग तय था पर वे पलट गए, अब मार खा रहे’, ईरान को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा – We are Hitting Iran Very Hard Trump Says Tehran Broke Deal Claims Major Military Success ntc dpmx


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई को लेकर सोमवार रात बड़ा बयान दिया. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका लगातार भीषण हमले कर रहा है और ईरान की सैन्य क्षमता लगभग खत्म कर दी गई है और जल्द ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) पर पूरा नियंत्रण हमारे हाथ में होगा. ट्रंप ने कहा कि दो दिन पहले अमेरिका और ईरान के बीच एक समझौता लगभग तय हो गया था, लेकिन अंतिम समय में तेहरान पीछे हट गया. अब हम उन्हें बुरी तरह मार रहे हैं.

उन्होंने कहा, ‘दो दिन पहले हमारे साथ उनका समझौता हो गया था. फिर उन्होंने कहा कि हमें इस पर और बातचीत करनी है. पिछले 47 साल से वे यही करते आए हैं. फर्क सिर्फ इतना है कि इससे पहले उनसे मेरी जैसी बातचीत कोई और नहीं कर पाया.’ ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान ने वर्षों तक दुनिया को नुकसान पहुंचाया और हजारों लोगों की जान ली. उन्होंने दावा किया कि ईरान में 52 हजार प्रदर्शनकारियों की हत्या की गई.

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनके पहले कार्यकाल में अमेरिकी सेना ने ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी को मार गिराया था. उन्होंने कहा, ‘सुलेमानी एक खतरनाक रणनीतिकार था. वह इराक और उस क्षेत्र में हमारे सैन्य ठिकानों पर बड़े हमलों की योजना बना रहा था, लेकिन हमने उसे पहले ही खत्म कर दिया.’

यह भी पढ़ें: ‘हम होर्मुज के गार्ड’, ट्रंप के बयान पर ईरान का तंज- अपने सीनेटर की कब्र की रक्षा करें!

ईरान की नौसेना और वायुसेना खत्म

ट्रंप ने दावा किया कि पिछले चार महीनों में अमेरिका ने ईरान की सैन्य ताकत को गंभीर नुकसान पहुंचाया है. उन्होंने कहा, ‘हमने एक महीने में उनकी नौसेना को खत्म कर दिया. उनकी वायुसेना अब लगभग अस्तित्व में नहीं है. हमने उनकी अधिकांश मिसाइलें और ड्रोन नष्ट कर दिए हैं. ड्रोन निर्माण क्षमता का 92 प्रतिशत और मिसाइल निर्माण क्षमता का 89 प्रतिशत खत्म कर दिया है. अब उनके पास हमारे खिलाफ इस्तेमाल करने लायक लगभग कोई क्षमता नहीं बची है.’ ट्रंप ने कहा कि अमेरिका मंगलवार रात भी ईरान पर बड़े हमले करेगा.

ईरान को बुरी तरह निशाना बना रहे

उन्होंने कहा, ‘हम आज रात उन्हें बहुत बुरी तरह निशाना बना रहे हैं. हमारे पास भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद है. हम उनकी सभी आक्रामक सैन्य क्षमताओं को खत्म कर रहे हैं और यह कार्रवाई जारी रहेगी.’ ट्रंप ने कहा कि अमेरिका स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण स्थापित कर रहा है और ईरान के खिलाफ समुद्री नाकाबंदी दोबारा लागू की जा रही है. उन्होंने कहा, ‘हम होर्मुज को नियंत्रित कर रहे हैं. नाकाबंदी फिर लागू की जा रही है, लेकिन यह केवल ईरान के लिए होगी. जो भी ईरान के साथ व्यापार करेगा, वह इस रास्ते का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा. बाकी सभी देशों के जहाजों को आने-जाने की अनुमति होगी. मुझे लगता है कि नाकाबंदी सीधे सैन्य हमलों से भी ज्यादा प्रभावी साबित होगी.’

यह भी पढ़ें: ईरान ने होर्मुज को लेकर ट्रंप के दावे का उड़ाया मजाक, बोला- हम ही हैं इसके असली गार्डियन

ईरान की अर्थव्यवस्था का बुरा हाल

ट्रंप ने दावा किया कि चार महीने पहले ईरान में महंगाई दर करीब 5 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 350 प्रतिशत से अधिक हो गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ने कई बार समझौतों का उल्लंघन किया. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की सैन्य कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है और ईरान की सैन्य क्षमता लगभग पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. उन्होंने कहा, ‘हमने उनका सैन्य ढांचा तबाह कर दिया है. आज रात भी हम हमले कर रहे हैं और होर्मुज से जुड़ी उनकी हर क्षमता को खत्म कर रहे हैं. आखिर में पूरा क्षेत्र हमारे नियंत्रण में होगा. ईरान बहुत बड़ी गलती कर रहा है और हम बहुत जल्द स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लेंगे.’

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *