Headlines

सिर्फ धन नहीं, ये 8 चीजें भी देती हैं मां लक्ष्मी! जानें किस स्वरूप की पूजा से पूरी होगी कौन सी इच्छा – 8 forms of goddess lakshmi ashta lakshmi names significance and worship benefits tviss


What are the 8 forms of Goddess Lakshmi: हिंदू धर्म में मां लक्ष्मी को धन, सुख और समृद्धि की देवी माना जाता है. मान्यता है कि उनकी कृपा से घर में खुशहाली बनी रहती है और धन-धान्य की कमी नहीं होती. ज्यादातर लोग माता लक्ष्मी को सिर्फ धन की देवी के रूप में जानते हैं, लेकिन उनके स्वरूप का महत्व इससे कहीं ज्यादा है.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां लक्ष्मी के आठ रूप हैं, जिन्हें अष्ट लक्ष्मी कहा जाता है. माता का हर रूप एक खास मनोकामना से जुड़ा है. कोई धन और संपत्ति का आशीर्वाद देता है, तो कोई संतान सुख, ज्ञान, साहस और सफलता से जुड़ा है. ऐसे में आइए जानते हैं मां लक्ष्मी के इन आठ स्वरूपों का महत्व. साथ ही जानिए किस मनोकामना की पूर्ति के लिए किस रूप की पूजा करनी चाहिए.

1. आदि लक्ष्मी

अष्ट लक्ष्मी में आदि लक्ष्मी को पहला स्वरूप माना जाता है. इन्हें महालक्ष्मी भी कहते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माता का यह रूप शांति और मोक्ष से जुड़ा है. भगवान विष्णु के साथ इनकी पूजा की जाती है. माना जाता है कि आदि लक्ष्मी की आराधना करने से मन को शांति मिलती है और व्यक्ति आध्यात्मिक मार्ग पर आगे बढ़ता है. मोक्ष की कामना करने वाले भक्त भी मां के इस स्वरूप की पूजा करते हैं.

2. धन लक्ष्मी

मां लक्ष्मी का दूसरा रूप धन लक्ष्मी कहलाता है. इन्हें धन और संपत्ति की देवी माना जाता है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु को कुबेर के कर्ज से मुक्त कराने के लिए मां ने यह स्वरूप धारण किया था. माता के हाथों में धन से भरा कलश और कमल का फूल होता है. मान्यता है कि धन लक्ष्मी की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है. साथ ही धन से जुड़ी परेशानियां दूर होती हैं.

3. धान्य लक्ष्मी

मां लक्ष्मी का तीसरा रूप धान्य लक्ष्मी कहलाता है. इन्हें अन्न और अनाज की देवी माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि जिस घर में भोजन का सम्मान होता है और अन्न की बर्बादी नहीं की जाती, वहां मां की कृपा बनी रहती है. परिवार में अन्न-धन की बरकत बनी रहे और घर में कभी खाने-पीने की कमी न हो, इसके लिए धान्य लक्ष्मी की पूजा की जाती है.

4. गज लक्ष्मी

मां लक्ष्मी का चौथा रूप गज लक्ष्मी कहलाता है. इस स्वरूप में माता कमल के फूल पर विराजमान होती हैं और उनके दोनों ओर हाथी होते हैं. गज लक्ष्मी को कृषि और सुख-समृद्धि की देवी माना जाता है. इन्हें राज लक्ष्मी भी कहा जाता है. मान्यता है कि इनकी पूजा करने से जीवन में सुख-सुविधाएं बढ़ती हैं. किसान अच्छी फसल और खेती में तरक्की के लिए भी मां के इस रूप की पूजा करते हैं.

5. संतान लक्ष्मी

मां लक्ष्मी का पांचवां रूप संतान लक्ष्मी कहलाता है. जिन लोगों को संतान सुख की इच्छा होती है, वे माता के इस रूप की पूजा करते हैं. इस स्वरूप में मां अपनी गोद में बालक स्कंद को लेकर बैठी होती हैं. इन्हें बच्चों की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली से जोड़कर देखा जाता है. मान्यता है कि संतान लक्ष्मी की पूजा करने से बच्चों की अच्छी सेहत, लंबी उम्र और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद मिलता है.

6. वीर लक्ष्मी

मां लक्ष्मी का छठा रूप वीर लक्ष्मी कहलाता है. इन्हें साहस और शक्ति देने वाली देवी माना जाता है. इस रूप में माता के हाथों में तलवार, ढाल और कई तरह के हथियार होते हैं. मान्यता है कि वीर लक्ष्मी की पूजा करने से मुश्किल समय में हिम्मत मिलती है.

7. जय लक्ष्मी

मां लक्ष्मी का सातवां रूप जय लक्ष्मी कहलाता है. इन्हें विजय लक्ष्मी भी कहते हैं. माता के इस रूप की पूजा सफलता और जीत के लिए की जाती है. मान्यता है कि इनकी पूजा करने से कामों में सफलता मिलती है. साथ ही समाज में मान-सम्मान और पहचान बढ़ती है.

8. विद्या लक्ष्मी

मां लक्ष्मी का आठवां रूप विद्या लक्ष्मी है. इन्हें ज्ञान और शिक्षा की देवी माना जाता है. विद्यार्थी और पढ़ाई से जुड़े लोग मां के इस रूप की पूजा करते हैं. मान्यता है कि विद्या लक्ष्मी की पूजा करने से पढ़ाई में सफलता मिलती है और ज्ञान बढ़ता है. कला और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा रखने वाले लोग भी इनकी आराधना करते हैं.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *