अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव लगातार गहराता जा रहा है. अमेरिका की तरफ से लगातार किए जा रहे हमलों के बाद अब ईरान ने बेहद आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए ‘आर-पार’ की जंग का एलान कर दिया है.
ईरान के सुप्रीम लीडर के शीर्ष सैन्य सलाहकार और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के पूर्व मुख्य कमांडर मोहसिन रेजाई ने अमेरिका को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि अमेरिकी हमले जारी रहे, तो ईरान अब ‘बड़े पैमाने पर आक्रामक सैन्य ऑपरेशन्स’ शुरू कर देगा.
युद्धविराम टूटने के ठीक एक हफ्ते बाद, ईरान ने शनिवार को वाशिंगटन के खाड़ी सहयोगियों और जॉर्डन पर भीषण हमले तेज कर दिए हैं. ईरानी स्टेट टेलीविजन पर लाइव आकर पूर्व आईआरजीसी प्रमुख मोहसिन रेजाई ने अमेरिका को सीधी धमकी दी.
रेजाई ने कहा, “हम अमेरिका को चेता रहे हैं कि वह तनाव बढ़ाना बंद करे. अगर अमेरिकी हवाई हमले अगले कुछ दिनों तक और जारी रहे, तो ईरान अपनी रक्षात्मक मुद्रा को छोड़कर पूरी तरह से ‘फुल-स्केल आक्रामक ऑपरेशन्स’ की शुरुआत कर देगा.”
यह भी पढ़ें: डस्टबिन में गया इस्लामाबाद MoU… ईरान का ऐलान- US ने तोड़े सारे वादे, हम भी नहीं मानते कोई कमिटमेंट
सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान के इस बयान का मतलब यह है कि वह अब पूरे मध्य-पूर्व में स्थित अमेरिकी अड्डों, युद्धपोतों और उसके मित्र देशों (जैसे इजरायल, जॉर्डन और खाड़ी देशों) पर अपनी सभी घातक बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों से एक साथ महापलटवार कर सकता है.
3 हफ्तों में 50 ईरानियों की मौत
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को एक दर्दनाक आंकड़ा जारी करते हुए बताया कि पिछले तीन हफ्तों के दौरान ईरानी सैन्य ठिकानों पर हुए अमेरिकी हमलों में अब तक 50 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 500 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
इस तबाही से भड़के ईरान ने शनिवार को अमेरिका के खाड़ी सहयोगियों और जॉर्डन पर मिसाइलों और ड्रोनों की बरसात कर दी. जॉर्डन में इस हमले में दो अमेरिकी सैनिकों की भी मौत हो गई है. जंग के बीच खाड़ी क्षेत्र में तनाव इस कदर बढ़ गया है कि तेल आपूर्ति ठप होने का खतरा पैदा हो गया है.
—- समाप्त —-
