पत्रकार हेला लेंग ने किया इंस्टा-फेसबुक अकाउंट सस्पेंड होने का दावा, PM मोदी से सवाल पूछकर बंटोरी थी सुर्खियां – helle lyng norwegian journalist instagram facebook account suspended pm modi question ntc ksrj


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नॉर्वे यात्रा के दौरान एक सवाल पूछकर नॉर्वेजियन पत्रकार हेला लेंग(Helle Lyng) अचानक सुर्खियों में आ गईं हैं. सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं और ट्रोलिंग के बीच अब हेले ने अपने इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट सस्पेंड होने का दावा किया है.

हेला लेंग ने खुद ‘X’ (ट्विटर) पर इसकी जानकारी साझा की है. ओस्लो स्थित अखबार ‘डागसाविसेन’ (Dagsavisen) के लिए काम करने वाली हेला लेंग ने ट्वीट कर लिखा, ‘अगर आप मुझसे इंस्टाग्राम या फेसबुक पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, तो मैं आपको बता दूं कि मेरे दोनों अकाउंट सस्पेंड कर दिए गए हैं. मैं अधिक से अधिक भारतीयों को जवाब देना चाहती थी, लेकिन अब मेरे जवाबों में देरी होगी. मुझे उम्मीद है कि मेरे अकाउंट वापस मिल जाएंगे.’ 

अपने अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा कि वे दिनभर इंस्टाग्राम लॉग-इन करने के लिए संघर्ष करती रहीं. उन्होंने आगे लिखा, ‘प्रेस फ्रीडम के लिए यह चुकाई जाने वाली एक छोटी सी कीमत है, लेकिन मैंने ऐसा अनुभव पहले कभी नहीं किया.’

क्या था पूरा विवाद?
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब पीएम मोदी और उनके नॉर्वेजियन समकक्ष की संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग खत्म होने के बाद पीएम मोदी कमरे से बाहर निकल रहे थे. तभी हेला लेंग ने पीछे से चिल्लाते हुए पूछा, ‘आप दुनिया की सबसे स्वतंत्र प्रेस से कुछ सवाल क्यों नहीं लेते?’ यह स्पष्ट नहीं है कि पीएम मोदी ने यह सवाल सुना या नहीं, लेकिन इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

इसके बाद जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के मानवाधिकार रिकॉर्ड पर सवाल उठे, तो विदेश मंत्रालय (MEA) के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने उन्हें जवाब दिया, लेकिन सचिव ने जवाब देना शुरू किया हेला लेंग बीच में ही बोल पड़ीं और जवाब पर बात करने लगीं. इस पर सिबी जॉर्ज ने कहा, “आप सवाल पूछें, मुझसे किसी खास तरीके से जवाब देने के लिए न कहें.”

‘फॉरेन प्लांट’ और ‘चाइनीज प्रोक्सी’ होने के लगे आरोप
इस घटना के बाद भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने हेला लेंग को आड़े हाथों लिया और उन्हें जमकर ट्रोल किया गया. कई यूजर्स ने उनके पुराने लेखों का हवाला देते हुए उन्हें ‘चाइनीज प्रॉक्सी’, ‘जासूस’ और ‘विदेशी प्लांट’ तक कह डाला, क्योंकि अतीत में उन्होंने बीजिंग और शी जिनपिंग की तारीफ में लेख लिखे थे. कई लोगों ने यह भी तर्क दिया कि वह कोई आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं बल्कि एक संयुक्त ब्रीफिंग थी.

विवाद तब और बढ़ गया जब यह देखा गया कि हेला लेंग  का ‘X’ अकाउंट इस घटना से ठीक कुछ दिन पहले ही वेरिफाइड (ब्लू टिक) हुआ था और वे 2024 के बाद से इस प्लेटफॉर्म पर सक्रिय नहीं थीं. इस पर सफाई देते हुए हेले ने लिखा कि उन्होंने सिर्फ एक टाइपो (गलती) सुधारने के लिए पैसे देकर ब्लू टिक लिया था और वे आमतौर पर टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर ज्यादा एक्टिव रहती हैं.

उन्होंने यह भी साफ किया कि वे कोई विदेशी जासूस नहीं बल्कि सिर्फ एक पत्रकार हैं. इस पूरे विवाद के बीच हेले की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है और ‘X’ पर उनके फॉलोअर्स 400 से बढ़कर सीधे 45 हजार के पार पहुंच गए हैं औऱ लगातार बढ़ते जा रहे हैं.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *