उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद क्षेत्र में एक होटल के कमरे से सामने आई घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया. यहां एक युवक और युवती ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की. इस घटना में युवती की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
जानकारी के अनुसार गौतमबुद्ध नगर जिले के जारचा क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय सुरभि और छायसा गांव निवासी करीब 19 वर्षीय पवन बुधवार सुबह सिकंदराबाद स्थित एक होटल में ठहरे थे. दोनों पूरे दिन होटल में रहे. शाम के समय जब होटल का सफाई कर्मचारी कमरे की सफाई करने पहुंचा तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ मिला. अंदर पहुंचने पर उसने देखा कि युवती अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी. उसका शरीर आधा बेड पर और आधा नीचे लटका हुआ था। वहीं युवक कमरे में मौजूद नहीं था.
होटल के कमरे में मिला दर्दनाक अंत
सफाई कर्मचारी ने तुरंत होटल प्रबंधन को सूचना दी. इसके बाद होटल मैनेजर ने 112 और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवती की मौत हो चुकी थी. इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की. जांच के दौरान जानकारी मिली कि युवक की तबीयत खराब होने पर उसे औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने होटल के कमरे की तलाशी ली तो वहां से कीटनाशक और चूहे मारने की दवा बरामद हुई. इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने जहरीला पदार्थ खाया था. पुलिस को मिले आधार कार्ड के अनुसार युवती की उम्र 22 वर्ष और युवक की उम्र करीब 19 वर्ष है. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि अलग-अलग जातियों और सामाजिक कारणों की वजह से दोनों की शादी नहीं हो पा रही थी, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया हो.
होटल मैनेजर अरुण ने बताया कि दोनों सुबह करीब 10:50 बजे होटल पहुंचे थे. उनके अनुसार युवक शाम करीब तीन से चार बजे के बीच होटल से निकल गया था. बाद में सफाई कर्मचारी जब कमरे में गया तो युवती को अचेत अवस्था में देखा गया. सिकंदराबाद के क्षेत्राधिकारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की. युवती के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. युवक अस्पताल में उपचाराधीन है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के अनुसार मौके से बरामद विषैले पदार्थ की जांच कराई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक ने संभवतः कम मात्रा में जहरीला पदार्थ खाया था, जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ी लेकिन वह जीवित है. पुलिस कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
—- समाप्त —-
