अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट परिसर के मंदिरों से चढ़ावा और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं की चोरी के मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है. इस मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों में से तीन आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है.
जांच अधिकारी और क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान आरोपी करुणेश पाण्डेय, लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा से पूछताछ कर रहे हैं. पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल से निकालकर अपनी अभिरक्षा में लिया है.
चोरी की रकम और उसके बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल
कोर्ट ने तीनों आरोपियों की 40 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की है. इस दौरान पुलिस चोरी की पूरी साजिश और उसमें शामिल सभी पहलुओं की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है. पुलिस इससे पहले आरोपी अविनाश शुक्ल से पूछताछ कर चुकी है.
उसी पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर अब तीनों आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ की जा रही है. पुलिस उनके बयानों का मिलान कर रही है ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके.
आरोपियों की निशानदेही पर अहम बरामदगी की उम्मीद
पूछताछ के दौरान चोरी की गई रकम, उसके बंटवारे और वारदात से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी आरोपियों से सवाल किए गए. पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. दोपहर करीब 3 बजकर 45 मिनट पर पुलिस टीम तीनों आरोपियों को पुलिस लाइन से लेकर विभिन्न स्थानों पर दबिश देने के लिए रवाना हुई. माना जा रहा है कि आरोपियों की निशानदेही पर रात तक मामले से जुड़ी अहम बरामदगी हो सकती है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
—- समाप्त —-
