कॉलेजों में रैगिंग का मामला आए दिन सामने आता है. एक बार फिर से ओडिशा की एक घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है. रायगड़ा जिले में एक सरकारी स्कूल के हॉस्टल में कक्षा 9 के 20 से अधिक छात्रों को कथित तौर पर सीनियर छात्रों ने पीट दिया. ये घटना सोमवार की रात को हुई जब उन्होंने रैगिंग और उत्पीड़न के बारे में अधिकारियों से शिकायत की. यह घटना एसएसडी हाई स्कूल के हॉस्टल में हुई है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, कक्षा 10 के एक छात्र ने कई अन्य सीनियर छात्रों के साथ मिलकर 20 लड़कों को एक कमरे में बुलाया और उन्हें क्रिकेट के बल्ले और लाठियों से पीट दिया.
घायल हो गए कई छात्र
इस दौरान कई छात्र घायल हो गए हैं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है उनके परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी गई है. मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. साथ ही रैगिंग की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने के आरोप में स्कूल के प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. प्रशासन ने भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की तुरंत सूचना देने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.
प्रशासन का क्या कहना है?
प्रिंसिपल प्रताप चंद्र सौंता ने बताया कि स्कूल प्रशासन को घटना की जानकारी मंगलवार सुबह मिली. उन्होंने कहा कि देर रात हुई इस घटना में कक्षा 10 के कुछ छात्रों ने कक्षा 9 के छात्रों के साथ मारपीट की थी. सूचना मिलते ही अभिभावकों को बताया गया और घायल छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया.
छात्र ने लगाया आरोप
घायल छात्र शुभम नाइक ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में काफी समय से सीनियर छात्र उन्हें परेशान कर रहे थे. उन्होंने बताया कि कई बार शिक्षकों से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. शुभम ने कहा कि बड़े छात्र अक्सर डंडों से मारपीट करते थे और उन्हें प्रताड़ित करते थे. उन्होंने आगे कहा कि यह सब लंबे समय से चल रहा था, लेकिन शिकायतों के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया गया.
—- समाप्त —-
