मेक्सिको: सोशल मीडिया पर LIVE था इन्फ्लुएंसर, हत्यारों ने सरेआम मारी गोली – Mexico social media influencer Cesar Gastelum killed livestream NTC vhrw


मेक्सिको के अशांत उत्तर-पश्चिमी राज्य सिनालोआ में एक बंदूकधारी ने लाइवस्ट्रीम के दौरान एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की हत्या कर दी. लैटिन अमेरिकी देश में सोशल मीडिया हस्तियों को निशाना बनाकर कैसे हिंसा की जा रही है, ये उसका ताजा उदाहरण है.

अधिकारियों ने बताया कि इन्फ्लुएंसर सीजर गैस्टेलम की हत्या मंगलवार रात सिनालोआ राज्य की राजधानी कुलियाकन में हुई. मेक्सिको के अधिकारियों ने संकेत दिया कि युवक की हत्या कार्टेल हिंसा से जुड़ी थी, लेकिन किसी खास समूह को इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया.

उनकी मौत के वक्त का एक वीडियो भी सामने आया. उसमें उन्हें केंटकी फ्राइड चिकन (KFC) की पार्किंग में दो अन्य लोगों के साथ हंसते हुए देखा जा सकता है, तभी दो लोग मोटरसाइकिल पर वहां आते हैं. एक व्यक्ति बंदूक निकालकर गैस्टेलम पर गोली चलाता हुआ दिखाई देता है. इसके बाद हमलावर घटनास्थल से भाग जाते हैं. यह हमला भीड़-भाड़ वाले वक्त में किया गया.

अबतक की जांच के मुताबिक, गैस्टेलम ने कुछ वीडियो जारी किए थे जिनमें उन्होंने एक आपराधिक समूह के गुट का जिक्र किया था.

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

गैस्टेलम के टिकटॉक पर 6,50,000 से ज़्यादा फॉलोअर्स थे, और इंस्टाग्राम व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उनकी अच्छी-खासी फॉलोइंग थी. वह नियमित रूप से कॉमेडी वीडियो और मेक्सिको के क्षेत्रीय संगीत के साथ कंटेंट पोस्ट करते थे. वह कभी-कभी अपने वीडियो में खुद को बेलीको (bélico) कहते थे; यह शब्द मेक्सिको के कुछ खास समूहों (सब-कल्चर) में कार्टेल संस्कृति से जुड़ाव दिखाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है.

हाल के वर्षों में सिनालोआ, सिनालोआ कार्टेल के दो गुटों के बीच लड़ाई से बुरी तरह प्रभावित रहा है. लड़ाई के चरम पर, शहर भर में शव छोड़े जाते थे जिन पर किसी गुट की खास पहचान (सिग्नेचर) होती थी. इनमें से एक गुट, ‘लॉस चैपिटोस’, अक्सर शव पर पिज्जा या उसका डिब्बा छोड़ देता था. दूसरा गुट, ‘लॉस मायोस’, एक सोम्ब्रेरो (मेक्सिकन टोपी) छोड़ देता था.

जल्द ही कुलियाकन में ऐसी टोपियां पहनना खतरनाक हो गया क्योंकि इससे किसी एक समूह के प्रति वफादारी का संकेत मिल सकता था.

मई 2025 में, 23 साल की ब्यूटी इन्फ्लुएंसर वैलेरिया मार्केज की मैक्सिको के मध्य राज्य जलिसको के एक ब्यूटी सैलून में टिकटॉक लाइवस्ट्रीम करते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

यह हत्या ऐसे समय में हुई है जब मैक्सिको सरकार पर ट्रंप प्रशासन का कार्टेल हिंसा (अवैध ड्रग सिंडिकेट) के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का दबाव बढ़ रहा है.

गैस्टेलम की मौत आपराधिक समूहों द्वारा इन्फ्लुएंसर को निशाना बनाने के एक बड़े ट्रेंड का हिस्सा है, खासकर सिनालोआ और जलिसको जैसे इलाकों में जहां संगठित अपराध का बोलबाला है.

मैक्सिकन सुरक्षा विश्लेषक डेविड सॉसेडो ने कहा कि इन्फ्लुएंसर की हत्या या उन्हें धमकी कई कारणों से दी जाती है. कुछ मामलों में, निशाना बनाए गए इन्फ्लुएंसर के विवादित इलाके में किसी आपराधिक गुट से संबंध हो सकते हैं, जैसे उनके लिए सोशल मीडिया कंटेंट बनाना या कार्टेल सदस्यों के साथ रोमांटिक संबंध होना. अन्य मामलों में, इन्फ्लुएंसर कार्टेल के लिए मनी लॉन्ड्रिंग करते हैं या जानकारी फैलाते हैं.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *