गंडासे से 17 वार किए, CCTV में कैद हुई वारदात… अब एनकाउंटर में आरोपी के पैर में लगी गोली – Muzaffarnagar Murder Accused Shot In Police Encounter Killing 17 Gandasa Blows lcla


मुजफ्फरनगर में एक शख्स की हत्या का वीडियो सामने आया था. वीडियो में एक युवक गंडासा लेकर एक आदमी पर लगातार वार करता दिख रहा था. गिनती हुई तो पता चला कि गंडासे से 17 वार किए गए थे. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. अब पुलिस ने आरोपी हाशिम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, हाशिम ने गन्ने के खेत में छिपकर पुलिस टीम पर गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी.

मामला मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली इलाके का है. शनिवार को तालिब नाम के शख्स पर हाशिम ने कथित तौर पर गंडासे से हमला किया था. हमला दिनदहाड़े हुआ. पास के मकान में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई. CCTV फुटेज में हाशिम गंडासा लेकर तालिब पर हमला करता दिखाई दे रहा है.

यहां देखें Video

आरोप है कि उसने तालिब पर एक के बाद एक 17 वार किए. इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस पहुंची और घायल तालिब को अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मामला दर्ज हुआ और आरोपी की तलाश शुरू हुई. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाईं. फिर रविवार को पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि हाशिम मंदवाड़ा से लुहासना की तरफ जा रहा है.

यह भी पढ़ें: गोरखपुर: वकील के पिता की निर्मम हत्या, तलवार से काटा गला… 500 मीटर दूर तक मिले खून के छींटे

पुलिस टीम उसकी तलाश में पहुंची. पुलिस के मुताबिक, टीम को देखकर हाशिम गन्ने के खेत में घुसकर छिप गया. इसके बाद उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने जवाबी फायरिंग की और इसी दौरान हाशिम के पैर में गोली लग गई.

गोली लगने के बाद हाशिम घायल हो गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और इलाज के लिए बुढ़ाना सीएचसी भेजा. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हाशिम ने तालिब पर गंडासे से हमला करने की बात स्वीकार की है.

पुलिस ने उसके पास से एक 315 बोर का देसी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. इसके अलावा वो गंडासा भी मिला है, जिससे तालिब पर हमला किए जाने का आरोप है.

मृतक की पत्नी से अवैध संबंध होने की बात आ रही सामने

अब इस केस में एक और बात सामने आ रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तालिब की पत्नी और हाशिम के बीच अवैध संबंध थे. इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद था और फिर हत्या की वारदात हुई. हालांकि पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है. मुठभेड़ के दौरान घायल हाशिम का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें वह कथित तौर पर कहता नजर आ रहा है कि तालिब उसे मारना चाहता था, इसलिए उसने पहले तालिब को मार दिया.

फिलहाल हाशिम पुलिस की हिरासत में है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. हत्या के पीछे की पूरी कहानी क्या थी, तालिब और हाशिम के बीच असल विवाद क्या था और CCTV में कैद हुई इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह क्या थी, इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद ही पूरी तरह सामने आएंगे.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *