कैरोलीन लेविट छोड़ेंगी व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी का पद, डोनाल्ड ट्रंप ने किया ऐलान – white house press secretary caroline leavitt to resign august family time ntc ntyv


व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट अगस्त के अंत में अपना पद छोड़ देंगी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को सोशल मीडिया पर उनके पद छोड़ने का ऐलान किया है. ट्रंप ने बताया कि उन्होंने परिवार को अधिक वक्त देने के लिए ये फैसला लिया है. राष्ट्रपति ट्रंप ने उनके योगदान की सराहना की और कहा कि वो रिपब्लिकन पार्टी की शीर्ष सलाहकार बनी रहेंगी. वहीं, ट्रंप प्रशासन में लगभग 18 महीनों तक सेवा देने वाली लेविट ने अपने कार्यकाल को यादगार अनुभव बताया है.

कैरोलीन लेविट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपने पद छोड़ने के फैसले को कड़वा-मीठा अनुभव बताया. लेविट ने लिखा कि पिछले डेढ़ साल तक व्हाइट हाउस प्रेस सचिव के रूप में काम करना उनकी लाइफ का सबसे बड़ा सम्मान और रोमांच रहा है. उन्होंने ओवल ऑफिस में बिताए वक्त, दुनिया भर की यात्राओं और राष्ट्रपति ट्रंप के मैसेज को जनता तक पहुंचाने के अवसर के लिए आभार व्यक्त किया.

लेविट ने अपनी बेटी के जन्म के बाद काम पर लौटने का जिक्र करते हुए कहा कि एक बच्चे का स्वागत करने के साथ-साथ दुनिया के सबसे मांग वाले पदों में से एक पर काम करना सबसे सम्मानित, लेकिन चुनौतीपूर्ण वक्त रहा है. उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस प्रेस सचिव के रूप में लगातार समय, ऊर्जा और ध्यान देने के साथ-साथ वो अपने दोनों बच्चों को वह सर्वश्रेष्ठ मां का दर्जा नहीं दे पा रही थीं, जिसकी वो हकदार हैं, इसलिए उन्होंने ये कठिन फैसला लिया है.

वहीं, राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर लेविट के फैसले का समर्थन किया. ट्रंप ने लिखा कि कैरोलीन उनके सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक रही हैं और वो उनके परिवार को समय देने के फैसले का पूरा सम्मान करते हैं. ट्रंप ने कहा कि 2018 से लेकर 2024 के ऐतिहासिक पुनर्चुनाव अभियान तक कैरोलीन ने स्वतंत्रता और न्याय के लिए शानदार काम किया है. उन्होंने लेविट को इतिहास की बेहतरीन प्रेस सचिवों में से एक बताया.

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि व्हाइट हाउस से बाहर होने के बाद भी कैरोलीन लेविट उनकी शीर्ष बाहरी सलाहकार बनी रहेंगी. आगामी मध्यावधि चुनावों में जीत दर्ज करने और इतिहास रचने के लिए वे रिपब्लिकन पार्टी के अंदर एक प्रभावशाली आवाज के रूप में काम करेंगी. लेविट ने भी कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी के खतरे से निपटने के लिए उनकी लड़ाई एक नए चरण में एंट्री कर रही है, लेकिन ये अभी खत्म नहीं हुई है.

बता दें कि कैरोलीन लेविट चुनाव में जीत के बाद ट्रांजिशन टीम की प्रवक्ता के तौर पर काम करने से पहले ट्रंप के 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान में शामिल हुई थीं. बाद में ट्रंप ने उन्हें व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी के तौर पर नियुक्त किया, जिससे वह इस पद पर नियुक्त होने वाली सबसे कम उम्र की व्यक्ति बनकर इतिहास में दर्ज हो गईं. उन्होंने अपनी इस भूमिका के लिए अपने पति, परिवार, चीफ ऑफ स्टाफ सूसी विल्स और पूरे ट्रंप परिवार का धन्यवाद किया.

—- समाप्त —-





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *