अफगान‍िस्तान ने ODI में खड़ा कर डाला अपना सबसे बड़ा स्कोर, अटल-जादरान के शतक, आयरलैंड च‍ित – afghanistan highest odi score 343 vs ireland zadran atal centuries tspok


अफगान‍िस्तान की टीम का आयरलैंड दौरा शानदार चल रहा है. 5 मैचों की वनडे सीरीज में अफगान‍िस्तान ने 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है. पहला मैच बार‍िश की वजह से धुलने के बाद बुधवार (12 अगस्त) को बेलफास्ट में हुए चौथे वनडे मैच में 42 रनों से मात दी. वहीं इस मुकाबले में अफगानी टीम ने पहले खेलते हुए 343/9 का स्कोर बनाया. जवाब में खेलने उतरी आयर‍िश टीम 301 रनों पर लुढ़क गई. 

अफगान‍िस्तान टीम का वनडे में इससे पहले सबसे बड़ा हाइएस्ट स्कोर 339/6 पर था, जो 9 फरवरी 2024 को आया था. लेकिन अफगान‍िस्तान ने बुधवार को आयरलैंड के ख‍िलाफ अपने सबसे बड़े स्कोर में सुधार किया. इस मुकाबले में अफगानी टीम की ओर से सैद‍िकुल्लाह अटल ने 120 गेंदों पर 143 रनों की पारी खेली, वहीं इब्राह‍िम जादरान ने 118 गेंदों पर 107 रनों की पारी खेली. 

बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में  हुए इस वनडे में  आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. आयरलैंड को शुरुआत में ही सफलता मिल गई, जब ब्रायन मैकडोनो ने रहमानुल्लाह गुरबाज को 10 गेंदों में 12 रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया.

इसके बाद इब्राहिम जादरान और सेद‍िकुल्लाह  ने मोर्चा संभाला. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 231 रन की शानदार साझेदारी की. यह अफगानिस्तान की दूसरे विकेट के लिए सबसे बड़ी और किसी भी विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही.

जादरान ने अपना सातवां वनडे शतक पूरा किया. इसके साथ ही वह वनडे क्रिकेट में 2,000 रन पूरे करने वाले संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज भी बन गए. दूसरी तरफ अटल ने अपनी 143 रन की पारी में 17 चौके और चार छक्के लगाए. दोनों की बल्लेबाजी के दम पर अफगानिस्तान ने बड़े स्कोर की नींव तैयार कर दी.

आखिरी ओवरों में विकेट गिरे, फिर भी बना रिकॉर्ड स्कोर
अटल  के आउट होने के बाद 42.5 ओवर में अफगानिस्तान का स्कोर 285/3 था. यहां से टीम ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान छह और विकेट गंवा दिए.इसके बावजूद अफगानिस्तान 343/9 तक पहुंचने में सफल रहा. 

 बालबर्नी ने जमाया शतक, लेकिन नहीं दिला सके जीत
344 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत धीमी रही. कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने 25 गेंदों पर 27 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे. उन्हें एएम गजनफर ने एलबीडब्ल्यू आउट किया.इसके बाद एंडी बालबर्नी ने पारी को संभाला. उन्होंने एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी की और रन रेट के बढ़ते दबाव के बीच अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा.

बालबर्नी ने 113 गेंदों पर अपना 10वां वनडे शतक पूरा किया. उन्होंने 38वें ओवर में यह उपलब्धि हासिल की. हालांकि इसके तुरंत बाद अफगानिस्तान ने मैच पर पकड़ मजबूत कर ली. 40वें ओवर में राशिद खान ने लगातार दो विकेट लेकर बालबर्नी और बेंजामिन क्लट्ज को पवेलियन भेज दिया.

आयरलैंड के ऑलराउंडर कर्टिस कैंफर ने इसके बाद तेजी से रन बनाकर मैच में रोमांच पैदा कर दिया. उन्होंने 42वें ओवर में जिया उर रहमान के खिलाफ दो छक्के और एक चौका जड़ा. कैंफर ने सिर्फ 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद भी लगातार बड़े शॉट लगाते रहे. उन्होंने 46 गेंदों पर 84 रन की तूफानी पारी खेली. उनकी पारी में आठ चौके और पांच छक्के शामिल रहे.हालांकि 48वें ओवर में यामिन अहमदजई ने कैंफर को आउट कर दिया. इसी ओवर में अहमदजई ने एक और विकेट हासिल किया और आयरलैंड की पारी 301 रन पर खत्म हो गई.

आयरलैंड के खिलाफ यह अफगानिस्तान की लगातार तीसरी जीत रही. टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की ऐसी बढ़त हासिल कर ली है, जिसे अब आयरलैंड पलट नहीं सकता.सीरीज का पांचवां और आखिरी वनडे 14 अगस्त को इसी मैदान पर खेला जाएगा. अफगानिस्तान की नजर अब सीरीज को 4-0 के स्कोर के साथ खत्म करने पर होगी.

अफगानिस्तान पहले ही रैंकिंग के आधार पर ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंस‍िल) पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए सीधे क्वालिफाई कर चुका है. टीम फिलहाल आईसीसी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में आठवें स्थान पर है.

 

—- समाप्त —-





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *