18 साल नौकरी की, भरोसा जीता… फिर 750 ग्राम सोना और 15 लाख कैश लेकर हो गया फरार! – Ajmer Jeweller Servant Absconds With 750 Grams Gold 15 Lakh Cash 18 Years Of Service lcla


राजस्थान के अजमेर में चोरी की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसमें चोर कोई बाहर का आदमी नहीं, बल्कि वही शख्स है, जो 18 साल से दुकान पर काम कर रहा था. नया बाजार चौपड़ स्थित ज्वेलरी शॉप में काम करने वाला नौकर दिलीप चौरसिया करीब 750 ग्राम सोना और 15 लाख रुपये की नकदी गायब होने के बाद फरार है.

दुकान मालिक ने इस मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की है. अब पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. कहानी सोमवार से शुरू हुई. रोज की तरह दुकान खुली, काम हुआ और शाम को दुकान बंद कर दी गई. मंगलवार को दुकान का साप्ताहिक अवकाश था. यानी दुकान बंद रही. सब कुछ सामान्य लग रहा था. फिर आया बुधवार. सुबह दुकान खुली. तभी कर्मचारी दिलीप चौरसिया का फोन आया. उसने दुकान मालिक से कहा कि वह एक-दो घंटे लेट आएगा. कोई खास बात नहीं लगी, क्योंकि रोजमर्रा की नौकरी में थोड़ी देरी हो सकती है, लेकिन घंटे बीत गए और दिलीप नहीं पहुंचा

दुकानदार ने फोन किया. फोन नहीं लगा. फिर उसके घरवालों से संपर्क किया गया. परिवार वालों ने बताया कि दिलीप तो सुबह करीब 9 बजे ही घर से निकल गया था. उसने कहा था कि दुकान जा रहा है.

यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में लग्जरी कार चोरी करने वाले गैंग का खुलासा, ₹35 लाख की टोयोटा फॉर्च्यूनर बरामद, महिला समेत दो गिरफ्तार

अब सवाल था- दुकान गया तो पहुंचा क्यों नहीं? और फिर दूसरा सवाल- फोन बंद क्यों है? इसके बाद दुकान में रखे सोने और कैश का हिसाब लगाया गया. तिजोरी और सामान की जांच हुई तो मामला साफ होने लगा. करीब 750 ग्राम सोना और 15 लाख रुपये नकद गायब थे. अब शक की सुई घूमते-घूमते दिलीप तक पहुंच गई. दिलीप कोई नया कर्मचारी नहीं था. वह पिछले 18 साल से इसी दुकान पर काम कर रहा था.

इतने लंबे वक्त में वह दुकान के कामकाज, लेन-देन और अंदर रखे सामान की व्यवस्था से अच्छी तरह वाकिफ हो चुका था. मालिक का भरोसा भी उस पर था. लेकिन बुधवार को वही भरोसा सवालों में बदल गया. दुकान मालिक सूरज नारायण लखोटिया ने पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ बताया जा रहा है. पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

सवाल है कि इतना सोना और इतनी बड़ी नकदी दुकान से कब और कैसे निकाली गई? क्या दिलीप ने अकेले पूरी वारदात को अंजाम दिया या उसके साथ कोई और भी था? क्या उसने पहले से चोरी की तैयारी कर रखी थी? और चोरी के बाद वह कहां गया? इन सवालों के जवाब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही सामने आएंगे. फिलहाल अजमेर पुलिस की टीमें उसे तलाश रही हैं.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *