भारत में मोटापा एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या है. World Obesity Atlas रिपोर्ट के अनुसार, देश में लगभग 4.1 करोड़ बच्चे मोटापे का शिकार हैं. चीन के बाद इस मामले में भारत दूसरे स्थान पर है. खानपान की गलत आदतों और बिगड़े हुए लाइफस्टाइल के कारण ये बीमारी होती है, लेकिन क्या अगर आप फिट हैं, लेकिन माता- पिता मोटे हैं तो भविष्य में आपको भी ये बीमारी हो सकती है? इस सवाल का जवाब डॉक्टर ने दिया है.
दिल्ली के राजीव गांधी अस्पताल में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ अजीत कुमार जैन ने इस बारे में बताया है. डॉ जैन बताते हैं कि अगर माता-पिता मोटे हैं तो बच्चों में भी मोटापे की आशंका कई गुना बढ़ जाती है.इसको लेकर कई रिसर्च हुई हैं. इनके अनुसार,जींन और पारिवारिक खान-पान की आदतें इसके मुख्य कारण हैं. अगर आपके माता-पिता दोनों को 30 से 40 साल की उम्र में मोटापा था, तो बच्चों में उसी उम्र में मोटापे का खतरा स्वस्थ माता-पिता वाले बच्चों की तुलना में लगभग 6 गुना तक बढ़ जाता है. अगर माता और पिता में कोई एक भी मोटा हो तो खतरा 3 से 3.7 गुना अधिक होता है.
यह भी पढ़ें: मोटापा बढ़ा सकता है कई तरह के कैंसर का खतरा, 15 लाख मरीजों पर हुई बड़ी स्टडी में खुलासा
किस उम्र के बाद है मोटापे का खतरा
डॉ. जैन बताते हैं कि अगर आपके माता- पिता से आपके शरीर में मोटापे वाले जींस ट्रांसफर हुए हैं तो 40 से 59 वर्ष की उम्र के दौरान आप भी मोटापे का शिकार हो सकते हैं, लेकिन आजकल खराब जीवनशैली और जंक फूड के कारण यह खतरा कम उम्र यानी बचपन और 10 से 19 वर्ष की उम्र में भी हो सकता है, हालांकि हर मामले में ऐसा हो ये जरूरी नहीं है, लेकिन फिर भी जिनके माता- पिता मोटापे का शिकार हैं उनको सतर्क रहने की जरूरत है.
यह भी पढ़ें: मोबाइल के बिना खाना नहीं खा रहे बच्चे, बढ़ रहा मोटापा-फैटी लिवर का खतरा, डॉक्टरों ने दी चेतावनी
बचाव के लिए क्या करें
खानपान का ध्यान रखें. अपनी डाइट में फैट कम रखें और प्रोटीन ज्यादा लें
रोजाना कम से कम 45 मिनट एक्सरसाइज करें
मानसिक तनाव न लें
समय से सोने और जागने की आदत डालें
—- समाप्त —-
