Headlines

तमंचा लेकर पड़ोसी के घर पहुंचा पूर्व मंत्री हाजी याकूब का बेटा, CCTV वायरल, पुलिस ने हिरासत में लिया – meerut haji yakub son firoz bhura cctv tamancha neighbour house case LCLAR


मेरठ में पूर्व मंत्री और मीट कारोबारी हाजी याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा से जुड़ा एक मामला सामने आया है. आरोप है कि फिरोज अपने साथियों के साथ तमंचा लेकर देर रात पड़ोसी के घर पहुंचा और वहां जमकर दबंगई की. आरोपियों ने घर का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की और घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी. इस पूरी घटना का एक CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

वायरल CCTV फुटेज में तीन लोग एक संकरी गली से पीड़ित के घर की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि इनमें फिरोज उर्फ भूरा भी शामिल था. वीडियो में एक युवक के हाथ में अवैध असलाह दिखाई देने की बात पुलिस अधिकारियों ने भी कही है. आरोप है कि फिरोज ने काली शर्ट और कैप पहन रखी थी और उसके साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे.

बताया जा रहा है कि आरोपी पीड़ित के घर के बाहर पहुंचे और वहां गाली-गलौज की. आरोप है कि इसके बाद घर में घुसने की कोशिश की गई और दरवाजा तोड़ने का प्रयास भी किया गया. साथ ही पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है. हालांकि, इस विवाद की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

तमंचा लेकर पड़ोसी के घर पहुंचने का आरोप

मामले को लेकर थाना कोतवाली में सराय बेहलीम निवासी हाजी सिराज की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया. मेरठ के सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के मुताबिक, शिकायत में कहा गया कि देर रात फिरोज उर्फ भूरा तमंचे के साथ अपने साथी अदनान और एक-दो अन्य लोगों के साथ घर पर आया था. आरोप है कि उसने घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी.

सीओ कोतवाली ने बताया कि सूचना मिलते ही मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. घटना से जुड़ा CCTV सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया. मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें तीन लोग दिखाई दे रहे थे. उन्होंने बताया कि वीडियो में एक युवक के हाथ में अवैध असलाह दिखाई दे रहा था. इसके बाद मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया.

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया. एसपी सिटी के मुताबिक, थाना कोतवाली पुलिस को इस मामले में कामयाबी मिली और मुख्य अभियुक्त फिरोज उर्फ भूरा को हिरासत में ले लिया गया. पुलिस के मुताबिक, वीडियो में जिस युवक के हाथ में अवैध असलाह दिखाई दे रहा था, वह फिरोज उर्फ भूरा ही है.

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, अन्यों की तलाश जारी

फिरोज को हिरासत में लेने के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है. एसपी सिटी ने कहा कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल इस पूरे मामले में CCTV फुटेज जांच का अहम हिस्सा बना हुआ है. एक तरफ पीड़ित परिवार ने घर पर पहुंचकर धमकी देने और दबंगई करने के आरोप लगाए हैं, वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस की पूछताछ के बाद विवाद की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका साफ होने की उम्मीद है.

 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *