देश की प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी बजाज ऑटो लगातार अपनी 400 सीसी कैटेगरी की बाइक्स को 350 सीसी सेगमेंट में शिफ्ट कर रही है. इसका सीधा मकसद नए GST 2.0 नियमों का फायदा उठाना है, जिससे कीमत और टैक्स दोनों में बैलेंस बनाया जा सके. अब इस रणनीति के तहत कंपनी ने अपनी मशहूर बाइक Pulsar NS400Z को भी नए इंजन के साथ अपडेट कर बाजार में उतारा है. सबसे खास बात यह है कि इतने बड़े अपडेट के बाद भी बजाज ने NS400Z की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है. यह बाइक करीब 1.93 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में मिलती है.
कंपनी ने अपने कई बड़े मॉडल्स में यह बदलाव पहले ही कर दिया है. केटीएम और ट्रायम्फ के साथ साझेदारी वाले मॉडल्स , साथ ही डोमिनार 400 में भी अब 350 सीसी के आसपास के इंजन का इस्तेमाल किया जा रहा है. केवल पल्सर एनएस400 जी ही कंपनी के पोर्टफोलियो में बचा हुआ एक ऐसा मॉडल था, जिसे छोटे इंजन के साथ अपडेट नहीं किया गया था.
क्या हुआ है बदलाव
इस अपडेट का सबसे बड़ा बदलाव इसका इंजन है. अब Bajaj NS400Z में 349 सीसी का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो पहले वाले 373 सीसी इंजन की जगह रिप्लेस किया गया है. यही इंजन डोमिनार 400 में भी इस्तेमाल किया गया है. यह इंजन 40bhp की पावर और 33.2Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. जो पहले से थोड़ा कम है.
हालांकि पावर और टॉर्क के आंकड़े थोड़े कम हुए हैं, लेकिन अब बाइक का पावर डिलीवरी पर बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा. ख़ासतौर पर बाइक यूजर्स को उस हद पता नहीं चलेगा. ऐसा माना जा रहा है कि, इससे इंजन पहले से ज्यादा स्मूद और यूज करने में आसान हो सकता है. यह बदलाव रोजाना चलाने वालों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. साथ ही 350 सीसी से कम इंजन होने की वजह से टैक्सेशन में भी फायदा मिलेगा.
डिजाइन की बात करें तो Bajaj NS400Z में कोई बदलाव नहीं किया गया है. बाइक पहले की तरह ही एग्रेसिव स्ट्रीटफाइटर लुक के साथ आती है, जिसमें शार्प बॉडी पैनल और मस्क्युलर स्टांस देखने को मिलता है. इसकी रोड प्रजेंस अभी भी काफी मजबूत है, जो खासतौर पर युवाओं को पसंद आएगी.
मिलते हैं ये फीचर्स
फीचर्स के मामले में भी यह बाइक पहले की तरह ही दमदार बनी हुई है. इसमें पेरिमीटर फ्रेम, अपसाइड-डाउन फ्रंट फोर्क्स और रियर मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है. इसके अलावा ड्यूल-चैनल ABS, मल्टीपल राइड मोड्स और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे एडवांस फीचर्स भी मिलते हैं. यह पैकेज इसे अपने सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प बनाता है.
—- समाप्त —-
