बाइक से टक्कर, मौत और फिर खुला राज… पत्नी समेत 3 पुलिस हिरासत में – jalna shubham wagh murder wife among three arrested road accident conspiracy lclcn


महाराष्ट्र के जालना जिले में 26 वर्षीय युवक की मौत का ऐसा मामला सामने आया है, जिसे शुरुआत में सड़क हादसा माना गया था. बाद में मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए केस दर्ज किया. आरोप है कि पत्नी के कथित प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची गई और बाइक से टक्कर मारकर उसकी जान ले ली गई.

मामला भोकरदन तहसील के वाकडी शिवार का है. मृतक की पहचान 26 वर्षीय शुभम येडुबा वाघ निवासी वाकडी के रूप में हुई है. इस मामले में उसके पिता 54 वर्षीय येडुबा राजाराम वाघ की शिकायत पर भोकरदन पुलिस थाने में सोपान संजय जाधव, रवि महादु चिंचपुरे और पुनम उर्फ छकुली शुभम वाघ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है.

यह भी पढ़ें: जालना में जमकर भ‍िड़े दो गुट, हिंसक झड़प का वीड‍ियो हुआ वायरल, देखें

पुलिस शिकायत के मुताबिक, शुभम की शादी नवंबर 2024 में पुनम उर्फ छकुली के साथ हुई थी. विवाह के कुछ महीनों बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. इसी दौरान शुभम के परिवार को कथित तौर पर जानकारी मिली कि पुनम के गांव के ही रहने वाले रवि चिंचपुरे के साथ प्रेम संबंध हैं और दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी. शुभम ने इस मामले को लेकर पारिवारिक न्यायालय में दावा भी दाखिल किया था.

धमकी के कुछ दिन बाद हुई शुभम की मौत

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी विवाद को लेकर रवि चिंचपुरे ने 4 जुलाई 2026 को शुभम को कथित तौर पर धमकी दी थी. उससे अपना दावा वापस लेने के लिए कहा गया और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई थी. इसके कुछ ही दिनों बाद शुभम की मौत हो गई.

7 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजकर 55 मिनट पर शुभम रोज की तरह भोकरदन रोड स्थित अपने खेत में सोने के लिए पैदल जा रहा था. इसी दौरान वाकडी-भोकरदन रोड पर कैलास चिंचपुरे के खेत के पास कथित तौर पर सोपान जाधव ने अपनी मोटरसाइकिल से उसे जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर के बाद शुभम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. इसके बाद उसे तत्काल भोकरदन के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआत में पुलिस और परिवार के सामने यह मामला सड़क दुर्घटना का ही था.

पिता ने हादसा मानने से किया इनकार

हालांकि, बाद में शुभम के पिता येडुबा राजाराम वाघ ने अपने बेटे की मौत को महज हादसा मानने से इनकार किया. उन्होंने पुलिस से शिकायत कर आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है और पूरी घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई.

शिकायत के मुताबिक, पुनम और उसके कथित प्रेमी रवि चिंचपुरे ने सोपान जाधव की मदद से शुभम को रास्ते से हटाने की साजिश रची. आरोप है कि इसी योजना के तहत मोटरसाइकिल से शुभम को टक्कर मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई.

जालना​

अपने बेटे की मौत के बाद पिता येडुबा वाघ ने मामले की जांच और न्याय के लिए कई जगहों पर प्रयास किए. इसके बाद पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले क्या साजिश रची गई और इसमें किसकी क्या भूमिका थी.

पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

भोकरदन पुलिस ने इस मामले में शुभम की पत्नी पूनम वाघ, सोपान जाधव और रवि चिंचपुरे को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 30 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.

फिलहाल, पुलिस कथित हत्या की साजिश, आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है. मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक प्रवीण सोनावणे कर रहे हैं.

पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शुभम की मौत के पीछे कथित साजिश क्या थी और घटना में प्रत्येक आरोपी की वास्तविक भूमिका क्या रही. फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *