VIDEO: छेड़खानी की शिकायत पर पहुंची पुलिस से भिड़ा युवक, कीचड़ में घसीटा और फाड़ दी वर्दी – samastipur molestation accused attacks police tears uniform video lclcn


बिहार के समस्तीपुर में छेड़खानी की शिकायत पर युवक को पकड़ने गई डायल 112 की टीम के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में एनएच 122 के स्थानीय बाजार के पास एक महिला ने डायल 112 पर कॉल कर युवक द्वारा छेड़खानी किए जाने की सूचना दी थी.

सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. महिला ने पुलिस को बताया कि गोलू कुमार नाम का युवक काफी देर से उसके साथ छेड़खानी कर रहा है. इसके बाद एएसआई राजू यादव ने आरोपी को हिरासत में लिया और पुलिस वाहन में बैठाने की कोशिश की.

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में राशन बांटने पहुंची नाव, देखते ही मची लूट… जान बचाकर भागी राहत सामग्री देने वाली टीम, VIDEO

पुलिस के मुताबिक, वाहन में बैठने के बजाय गोलू कुमार ने भागने का प्रयास किया. पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर गाड़ी में बैठाने की कोशिश की, लेकिन युवक अभद्र व्यवहार करने लगा और पुलिस के साथ मारपीट शुरू कर दी. देखते ही देखते सड़क पर पुलिस और आरोपी के बीच हाथापाई होने लगी.

सड़क से कीचड़ तक पहुंची हाथापाई, जुट गई भीड़

मारपीट के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. आरोपी युवक पुलिसकर्मी को घसीटते हुए सड़क किनारे कीचड़ की ओर ले गया. इसके बाद काफी देर तक पुलिस और युवक के बीच कीचड़ में ही हाथापाई होती रही.

इसी दौरान युवक ने पुलिसकर्मी की वर्दी तक फाड़ दी. सड़क पर काफी देर तक चले इस घटनाक्रम का किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. फुटेज में पुलिसकर्मी और युवक के बीच कीचड़ में हाथापाई होती दिखाई दे रही है.

देखें वीडियो…

स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया. काफी संख्या में पुलिसकर्मियों के पहुंचने के बाद आरोपी गोलू कुमार को काबू किया गया और हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया. इस दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप, कार्रवाई की तैयारी

मोहिउद्दीननगर थाना अध्यक्ष विनय कुमार ने फोन पर बताया कि छेड़खानी की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर गई थी. वहां आरोपी युवक ने पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की.

थाना अध्यक्ष के मुताबिक, पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन उसने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की. इसी दौरान वर्दी फाड़े जाने की घटना भी हुई. बाद में अतिरिक्त बल की मदद से युवक को पकड़ लिया गया.

पुलिस ने बताया कि पीड़ित महिला से आवेदन लिया जाएगा और उसके आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी भी जुटा रही है. फिलहाल आरोपी युवक पुलिस हिरासत में है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *