एक्टर शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक इंस्टाग्राम रील को लेकर मानहानि का लीगल नोटिस भेजा है. यह नोटिस कंटेंट क्रिएटर सुविज्ञ शर्मा को भेजा गया है, जिनके जरिए फैलाए गए कंटेंट को शाहरुख खान की टीम ने शरारतपूर्ण, भ्रामक और मानहानिकारक बताया है.
वायरल रील में किए गए दावे को लेकर अब कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया तेज हो गई है, जिससे सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने को लेकर एक बार फिर चर्चा छिड़ गई है.
क्या है वायरल रील का पूरा विवाद
यह विवाद एक वायरल इंस्टाग्राम रील से जुड़ा है, जिसमें अनंत अंबानी सद्गुरु से मिलते और बातचीत करते हुए दिख रहे हैं. इसके साथ ही शाहरुख खान और बिजनेसमैन अनंत अंबानी की बातचीत का वीडियो भी जुड़ा है. रील में यह दावा किया गया था कि बातचीत के दौरान शाहरुख खान को चुप रहने के लिए कहा गया था.
कानूनी टीम ने दावे को बताया झूठा
शाहरुख खान की कानूनी टीम ने इस वीडियो के कैप्शन को भ्रामक और मानहानिकारक करार दिया है. नोटिस में कहा गया है कि यह दावा पूरी तरह से निराधार और झूठा है, जिससे एक्टर की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचता है.
23 नवंबर 2026 को भेजे गए नोटिस में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 356 (मानहानि) का हवाला दिया गया है. इसमें कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति बिना ठोस सबूत के सार्वजनिक हस्तियों के बारे में झूठे और नुकसानदेह बयान प्रसारित नहीं कर सकता.
48 घंटे के भीतर माननी होंगी ये पांच मांगें
नोटिस में कंटेंट क्रिएटर सुविज्ञ शर्मा से 48 घंटे के भीतर लिखित पुष्टि के साथ पांच प्रमुख मांगें पूरी करने को कहा गया है.
1. विवादित रील को तुरंत हटाना.
2. इस दावे को आगे साझा या प्रसारित न करना.
3. रील से जुड़े कैप्शन और बयानों को हटाना या उनमें सुधार करना.
4. मूल फुटेज और प्रकाशन से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखना.
5. निर्देशों के पालन की 48 घंटे के अंदर लिखित जानकारी देना.
—- समाप्त —-
