Besan Chilla Recipe: जैसे ही बाहर झमाझम बारिश पड़ती है, लोगों का मन पकौड़ी खाने और चाय पीने का करने लगता है. पकौड़ी खाने में बहुत टेस्टी लगती हैं, लेकिन इन्हें बनाने के बाद एक समस्या का सामना अक्सर करना पड़ता है. अक्सर पकौड़ियां तलने के बाद थोड़ा बैटर बच ही जाता है. चाहे कितनी भी कोशिश कर ली जाए, लेकिन फिर भी हमेशा बेसन वाला घोल बन जाता है. ऐसे में बहुत से लोग इसे बेकार समझकर फेंक देते हैं.
अगर आपके घर में भी पकौड़ी बनाने के बाद बेसन का घोल बच गया है, तो इसे फेंकने की गलती न करें. इसी बचे हुए घोल से आप सुबह के नाश्ते के लिए स्वादिष्ट और कुरकुरा चीला तैयार कर सकते हैं. खास बात ये है कि इसके लिए आपको अलग से बहुत ज्यादा तैयारी करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी.
बचे हुए बेसन के घोल से बनाएं चीला
बेसन का बचा हुआ घोल चीला बनाने के लिए बिल्कुल इस्तेमाल किया जा सकता है. पकौड़ी के घोल में भी अजवाइन, नमक, मिर्च और बाकी मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. यही सब चीजें चीले को भी स्वादिष्ट बनाती हैं. अगर घोल पहले से तैयार है, तो आपका काफी समय भी बच जाएगा. बस इसे एक बार अच्छी तरह फेंट लें और जरूरत के हिसाब से इसमें थोड़ा पानी मिलाकर चीले के लिए सही कंसिस्टेंसी तैयार कर लें.
चीले को टेस्टी बनाने के लिए डालें ये चीजें
आप बेसन के घोल में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, टमाटर या थोड़ा कद्दूकस किया हुआ गाजर मिला सकते हैं. इससे चीले का स्वाद और टेक्शचर दोनों बेहतर हो जाएंगे. चाहें तो थोड़ा अजवाइन या चाट मसाला भी डाल सकते हैं.
ऐसे बनाएं क्रिस्पी बेसन चीला
1. सबसे पहले तवा गर्म करें और उस पर हल्का सा तेल लगाएं. अब एक कलछी बेसन का घोल तवे पर डालकर गोल आकार में पतला फैला लें. चीला जितना पतला होगा, उतना ही ज्यादा क्रिस्पी बनेगा. ऊपर से थोड़ा तेल डालकर इसे मीडियम आंच पर सिकने दें.
2. जब नीचे की तरफ से चीला गोल्डन और किनारे कुरकुरे होने लगें, तो इसे पलट दें. दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें. आपका झटपट बेसन चीला तैयार है.
नाश्ते में ऐसे करें सर्व
गरमागरम बेसन चीले को हरी चटनी, टमाटर की चटनी या दही के साथ सर्व कर सकते हैं. अगर आपको ज्यादा क्रिस्पी स्वाद पसंद है, तो चीले को थोड़ा पतला फैलाकर धीमी-मीडियम आंच पर सेंकें. इस तरह पकौड़ी के बचे हुए घोल से बिना ज्यादा मेहनत के टेस्टी नाश्ता तैयार हो जाएगा.
ध्यान रखें ये जरूरी बात
अगर बेसन का घोल काफी देर से बाहर रखा हुआ है, उसमें खट्टी या अजीब महक आ रही है, रंग या स्वाद बदल गया है, तो उसे इस्तेमाल न करें. ताजा और ठीक तरह से रखा हुआ बचा घोल ही चीला बनाने के लिए इस्तेमाल करें.
—- समाप्त —-
