Bihar: शादी की जिद पर प्रेमिका को 100 मीटर तक बाइक से घसीटा, भीड़ आई तो बोला- पत्नी है, Video – rajgir boyfriend drags girlfriend bike marriage dispute viraL video LCLAR


बिहार के नालंदा जिले के राजगीर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक अपनी प्रेमिका को चलती बाइक के साथ सड़क पर घसीटता दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन शादी को लेकर हुए विवाद के बाद यह घटना हुई. पुलिस के मुताबिक मामला शादी के विवाद से जुड़ा है और युवती ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

जानकारी के अनुसार आरोपी युवक नवादा जिले के नारदीगंज में अमीन के पद पर तैनात है. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले करीब पांच साल से प्रेम संबंध था. चार से पांच दिन पहले युवक अपनी प्रेमिका से मिलने राजगीर पहुंचा था. इसी दौरान युवती ने उससे शादी करने की बात कही और अपने रिश्ते को नाम देने का दबाव बनाया. बताया जा रहा है कि शादी की बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने के बाद आरोपी युवक ने बाइक स्टार्ट की और वहां से निकलने लगा.

बाइक का संतुलन बिगड़ने के बाद सड़क पर गिरे दोनों

युवती ने उसे रोकने की कोशिश की. आरोप है कि युवक ने बाइक रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवती बाइक को पकड़कर रोकने की कोशिश कर रही है, जबकि युवक तेजी से बाइक चलाता जा रहा है. इस दौरान युवती सड़क पर घिसटती रही. बताया जा रहा है कि वह करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटती चली गई. वीडियो में युवती मदद की गुहार लगाती भी दिखाई देती है, लेकिन युवक बाइक नहीं रोकता। कुछ दूरी पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर गए.

इसके बाद दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. आरोप है कि भीड़ के गुस्से से बचने के लिए युवक ने लोगों से कहा कि युवती उसकी पत्नी है और दोनों के बीच घरेलू विवाद हुआ है. उसने लोगों को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि मामला पति-पत्नी के बीच का है. हालांकि पुलिस जांच में सामने आया कि मामला पति-पत्नी का नहीं बल्कि शादी के विवाद से जुड़ा है.

नारदीगंज थाने में युवती ने दर्ज कराई लिखित शिकायत

राजगीर थाना प्रभारी अभिजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि आरोपी युवक सरकारी पद पर अमीन के रूप में तैनात है. पुलिस के मुताबिक युवती ने नवादा जिले के नारदीगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है. वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *