राजस्थान की राजधानी जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां चार साल की एक मासूम बच्ची की हत्या कर दी गई. बच्ची के लापता होने के बाद परिजन घंटों तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन जब उसका शव पड़ोस में रहने वाली महिला के घर से बरामद हुआ तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
जानकारी के मुताबिक, बच्ची अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी. परिवार के लोगों ने पहले आसपास उसकी तलाश की और रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद स्थानीय लोगों ने भी बच्ची को खोजने का प्रयास शुरू कर दिया.
यह भी पढ़ें: जयपुर में ऐसा गांव, जहां हाथियों के कमरे में कूलर चलता है, नाश्ते में तरबूज मिलता है और बर्थडे पर पार्टी भी होती है
मामला गंभीर होने पर पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. जांच के दौरान कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आईं, जिनके आधार पर पुलिस का शक पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर गया.
CCTV फुटेज से खुला राज
पुलिस ने संदेह के आधार पर महिला के घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान जो दृश्य सामने आया, उसने पुलिस अधिकारियों को भी हैरान कर दिया. घर के अंदर मौजूद डबल बेड की जांच की गई तो उसके भीतर से बच्ची का शव बरामद हुआ.
बच्ची का शव कंबल में लिपटा हुआ था और उसे बेहद सावधानी से बेड के अंदर छिपाया गया था. शव मिलने की सूचना फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
पुलिस ने तत्काल मौके को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात भी सामने आ रही है.
दम घुटने से मौत की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बच्ची की मौत दम घुटने से हुई है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि दोनों पड़ोसी परिवारों के बीच काफी समय से विवाद और झगड़े चल रहे थे. पुलिस को शक है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी महिला ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया हो सकता है.
हालांकि, पुलिस फिलहाल किसी एक कारण पर नहीं पहुंची है. अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, पारिवारिक विवाद या कोई अन्य कारण भी हो सकता है. इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
महिला समेत दो लोग हिरासत में
मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है. दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों पक्ष एक ही समुदाय से जुड़े हुए हैं. जांच टीम यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात की योजना पहले से बनाई गई थी या फिर किसी विवाद के दौरान यह घटना हुई.
फिलहाल, हरमाड़ा थाना पुलिस हत्या के पूरे घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी हुई है. CCTV फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर जल्द ही मामले का पूरा खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है.
—- समाप्त —-
