INDIA ब्लॉक में फूट, संख्या बल भी कम… परिसीमन बिल पर कांग्रेस का क्या है प्लान? – delimitation Bill what Rahul gandhi congress india block thinking ntc rmxk


संसद के विशेष सत्र में इसी हफ्ते केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन बिल लाने की चर्चा है. इस अहम मुद्दे पर सियासत के बीच मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस भी झुकने के मूड में नहीं है. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं से कहा है कि कांग्रेस प्रस्तावित विधेयक का पूरी ताकत से विरोध करेगी, भले ही सदन में संख्या बल पार्टी के पक्ष में न हो.

कांग्रेस का दलील है कि मोदी सरकार संसद के आगामी विशेष सत्र का इस्तेमाल महिला आरक्षण लागू करने के बजाय परिसीमन बिल को आगे बढ़ाने के लिए कर रही है. इस कवायद का मकसद लोकसभा में कथित तौर पर ‘फर्जी दो-तिहाई बहुमत’ हासिल करना है.

हालांकि कांग्रेस के लिए आगे की राह आसान नहीं है. शरद पवार की पार्टी ने खुलकर कहा है कि वह परिसीमन बिल पर इंडिया ब्लॉक के साथ नहीं है. सदन में वह इसके पक्ष में वोटिंग करेगी. वहीं डीएमके ने भी इशारा किया है कि यदि उनकी मांग पर केंद्र सरकार गंभीरता से विचार करती है तो वह भी परिसीमन बिल को सपोर्ट करेगी. इस तरह दो अहम दलों के रुख ने कांग्रेस की परेशानी बढ़ा दी है.

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर शुक्रवार को हुई संसदीय रणनीति समूह की बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए इस विधेयक को दोबारा ला रही है. कांग्रेस पहले की तरह इस बार भी इसे रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी.

‘पूरी ताकत से हराने के लिए लड़ेंगे’
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने मीटिंग में कहा, ‘हम इसे हर स्तर पर पूरी ताकत से हराने के लिए लड़ेंगे. ठीक वैसे ही जैसे हमने पिछली बार किया था. हम सभी विपक्षी दलों को साथ लाने की पूरी कोशिश करेंगे’.

राहल ने एकजुट विपक्ष की रणनीति तैयार करने में डीएमके, समाजवादी पार्टी और शरद पवार की पार्टी की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया. हालांकि, कांग्रेस ने यह संकेत भी दिया है कि परिसीमन के मुद्दे पर विपक्ष की सामूहिक रणनीति से अलग रुख अपनाने वाले दलों का INDIA ब्लॉक के कामकाज पर असर पड़ सकता है.

गठबंधन सहयोगियों पर भी कांग्रेस की नजर
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने इंडिया टुडे को बताया कि यदि शरद पवार की पार्टी परिसीमन विधेयक के पक्ष में मतदान करती है, तो कांग्रेस को अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है. यदि इंडिया ब्लॉक का कोई घटक दल परिसीमन के खिलाफ पहले लिए गए सामूहिक संकल्प से पीछे हटता है, तो फिर गठबंधन में पहले की तरह कामकाज जारी रखना संभव नहीं होगा.

कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. मीटिंग में इस बात पर भी चिंता जताई गई कि 30 नवंबर को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक और उससे जुड़े अन्य विधेयकों पर चर्चा प्रस्तावित है, लेकिन सरकार ने अभी तक सांसदों के बीच इन विधेयकों का मसौदा साझा नहीं किया है.

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार बड़े संवैधानिक बदलावों की तैयारी कर रही है, लेकिन विपक्षी सांसदों को इसकी जानकारी से दूर रखा जा रहा है. जोरहाट से पार्टी सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि शनिवार को खड़गे के नेतृत्व में विपक्षी दलों के साथ एक और दौर की बातचीत होगी.

जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
इससे पहले कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी संसद के विशेष सत्र के उद्देश्य को लेकर केंद्र सरकार पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने कहा कि संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ सितंबर 2023 में सर्वसम्मति से पारित हो चुका है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस कानून को तत्काल लागू करने की मांग की थी.

उन्होंने आरोप लगाया, संसद का विशेष सत्र महिला आरक्षण के लिए नहीं है. यह कानून पहले से मौजूद है. विशेष सत्र का असली एजेंडा परिसीमन है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *