Pitra Paksha 2026 Special: पितृ पक्ष साल के वो 16 दिन होते हैं, जिनमें लोग अपने पूर्वजों को याद करते हैं. पूर्वजों की मुक्ति और तृप्ति के लिए वे लोग ब्राह्मभोज कराते हैं. इस दौरान घरों में सात्विक भोजन बनाया जाता है और प्याज-लहसुन का इस्तेमाल नहीं किया जाता. ऐसे में रोज की सब्जियों को थोड़ा अलग और स्वादिष्ट बनाने की जरूरत पड़ती है. ऐसी कई रेसिपीज हैं, जिन्हें श्राद्ध की थाली में परोसा जाता है. इन्हीं में आलू-टमाटर भी शामिल है.
आलू-टमाटर की सब्जी ऐसी डिश है जो ज्यादातर घरों में आसानी से बन जाती है और पूड़ी, कचौड़ी या रोटी के साथ भी खूब पसंद की जाती है. अगर आप भी श्राद्ध के लिए बिना प्याज-लहसुन की आलू-टमाटर की सब्जी बनाना चाहते हैं, तो इस तरीके से बनाएं. मसालों का सही इस्तेमाल करने से सब्जी का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाएंगे. चलिए जानते हैं कैसे श्राद्ध के लिए बिना-प्याज लहसुन की आलू-टमाटर सब्जी बना सकते हैं.
इंग्रेडिएंट्स
- उबले हुए आलू- 5
- देसी टमाटर- 3
- देसी घी- 3 बड़े चम्मच
- पानी- करीब 3 कप
- हरा धनिया- 2 बड़े चम्मच, बारीक कटा हुआ
साबुत मसाले
- साबुत धनिया- 1 बड़ा चम्मच
- सौंफ- ½ छोटा चम्मच
- तेजपत्ता- 2
- बड़ी इलायची- 1
- लौंग- 2
- साबुत काली मिर्च- 4-5
मसाले
- हींग- ½ छोटा चम्मच
- हल्दी- ½ छोटा चम्मच
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 बड़ा चम्मच
- काली मिर्च पाउडर- ½ छोटा चम्मच
- गरम मसाला- 1 छोटा चम्मच
- कसूरी मेथी- 1 बड़ा चम्मच
- काला नमक- ½ छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर- ½ छोटा चम्मच
- साधारण नमक- स्वादानुसार
अदरक और हरी मिर्च
- अदरक- करीब 1½ इंच, कद्दूकस किया हुआ
- हरी मिर्च- 2-3 बारीक कटी हुई
- साबुत हरी मिर्च- 4-5, बीच से चीरी हुई
बनाने का तरीका
1. सबसे पहले साबुत धनिया और सौंफ को हल्का दरदरा कूट लें. इसे बिल्कुल बारीक पाउडर नहीं करना है. अब कड़ाही में 2 बड़े चम्मच देसी घी गर्म करें. इसमें तेजपत्ता, बड़ी इलायची, लौंग और साबुत काली मिर्च डालकर धीमी आंच पर भूनें.
2. अब इसमें कुटा हुआ धनिया-सौंफ डालें और कुछ सेकंड भूनने के बाद हींग, कटी हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक डाल दें. इसे धीमी आंच पर पकाएं और ध्यान रखें कि अदरक जले नहीं.
3. इसके बाद मोटे टुकड़ों में कटे टमाटर डालें. स्वादानुसार नमक, हल्दी और कश्मीरी लाल मिर्च डालकर मिलाएं. इसमें आधा कप पानी डालें, ऊपर से चीरी हुई साबुत हरी मिर्च डालें और ढककर करीब 3-4 मिनट पकाएं.
5. जब टमाटर अच्छी तरह नरम होकर मसाले के साथ भुन जाएं और घी अलग नजर आने लगे, तब धनिया पाउडर, काली मिर्च पाउडर, गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें. इसे करीब 2 मिनट तक मसालों के साथ भूनें.
6. अब उबले हुए आलू को चाकू से काटने के बजाय हाथ से मोटे-मोटे टुकड़ों में तोड़कर कड़ाही में डालें. आलू को मसाले के साथ करीब 1 मिनट भूनें, ताकि मसाला अच्छी तरह चिपक जाए.
7. अब इसमें करीब 3 कप गर्म पानी डालें. सब्जी को जितना गाढ़ा या पतला रखना चाहते हैं, उसके हिसाब से पानी कम-ज्यादा कर सकते हैं. इसमें काला नमक और अमचूर पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
8. सब्जी को धीमी आंच पर करीब 5 मिनट पकने दें. इससे आलू में मसालों का स्वाद अच्छी तरह उतर जाएगा और ग्रेवी भी अच्छी तरह तैयार हो जाएगी.
आखिर में लगाएं खास तड़का
अब एक छोटे पैन में 1 बड़ा चम्मच देसी घी गर्म करें. गैस धीमी करके इसमें थोड़ा सा हींग डालें. गैस बंद कर दें और तुरंत 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें. इस तड़के को तुरंत तैयार सब्जी के ऊपर डालें.
ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें और सब्जी को 2 मिनट के लिए ढक दें. इससे तड़के की खुशबू और स्वाद पूरी सब्जी में अच्छी तरह मिल जाएगा.
—- समाप्त —-
