पोलैंड के विदेश मंत्रालय के स्टेट सेक्रेटरी व्लादिस्लाव टेओफिल बार्टोशेव्स्की ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भारत की भूमिका की सराहना करते हुए कहा है कि वैश्विक स्तर पर भारत एक बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ध्यान देते हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में भारत की भूमिका बेहद अहम है और शांति की दिशा में उसके प्रयास महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं.
बार्टोशेव्स्की ने कहा, “भारत एक बहुत महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय शक्ति है. राष्ट्रपति पुतिन प्रधानमंत्री मोदी की बात सुनते हैं. हालांकि समस्या यह है कि राष्ट्रपति पुतिन ने यह तय कर लिया है कि यूक्रेन पर पूरा नियंत्रण ही एकमात्र समाधान है, लेकिन ऐसा होना संभव नहीं है.” उन्होंने कहा कि युद्ध के और अधिक बढ़ने के पक्ष में कोई भी देश नहीं है. भारत ही नहीं, बल्कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी तनाव बढ़ाने के खिलाफ हैं. उनके अनुसार, जब ऐसे देश शांति और संयम की बात करते हैं जिन्हें रूस विरोधी नहीं माना जाता, तो उनका संदेश अधिक प्रभावशाली होता है.
पोलैंड के विदेश मंत्रालय के राज्य सचिव ने कहा कि भारत ने लगातार बातचीत और कूटनीतिक समाधान पर जोर दिया है. यही वजह है कि भारत की बात रूस भी गंभीरता से सुनता है. उन्होंने कहा कि ऐसे समय में, जब दुनिया लंबे समय से जारी इस युद्ध का शांतिपूर्ण समाधान चाहती है, भारत जैसे देशों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है.
उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय की प्राथमिकता युद्ध को और फैलने से रोकना होनी चाहिए. भारत, चीन और अन्य प्रभावशाली देशों की अपील से संघर्ष को नियंत्रित करने और बातचीत का रास्ता निकालने में मदद मिल सकती है. बार्टोशेव्स्की ने दोहराया कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए भारत की भूमिका निर्णायक साबित हो सकती है और वैश्विक समुदाय भी भारत से सकारात्मक योगदान की उम्मीद कर रहा है.
—- समाप्त —-
