राजस्थान के धौलपुर जिले के सैपऊ थाना क्षेत्र के तसीमो कस्बे में 16 वर्षीय लड़के की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान सौरभ कुशवाह पुत्र भूरा कुशवाह के रूप में हुई है. वह अपने मकान से कुछ दूरी पर एक बाउंड्रीवॉल के पास गंभीर रूप से घायल हालत में मिला था. उसके चेहरे पर गोली के छर्रे लगने के निशान बताए गए हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया. घायल सौरभ को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा रेफर कर दिया. आगरा के अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.
यह भी पढ़ें: आइस स्केटिंग में वान्या बोहरा ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में टीम इंडिया की जर्सी में उतरेंगी धौलपुर की बेटी
पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का टूटा मोबाइल और गन शॉट बरामद किया है. एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से मौके से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं. परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
हत्या या हादसा, दोनों एंगल से जांच
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि सौरभ को किसी अन्य व्यक्ति ने गोली मारी या फिर उससे खुद गोली चली. प्रारंभिक जांच में हत्या के साथ हादसे की संभावना को भी शामिल किया गया है. पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, बरामद सामान और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है.
परिजनों की मौजूदगी में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद पुलिस की निगरानी में ही शव का अंतिम संस्कार कराया गया. मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच अधिकारी हर संभावित पहलू को खंगाल रहे हैं.
परिजनों की ओर से सौरभ के कुछ साथियों पर भी संदेह जताया गया है. वहीं, पुलिस के सामने एक और संभावना यह है कि हथियार के साथ सोशल मीडिया रील बनाते समय गलती से ट्रिगर दब गया हो. हालांकि, अभी इनमें से किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी.
रील बनाने का था शौक, सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही पुलिस
बताया जा रहा है कि सौरभ को सोशल मीडिया पर रील बनाने का काफी शौक था. उसके नाम से इंस्टाग्राम पर चार आईडी होने की बात सामने आई है. इन अकाउंट्स पर वह दोस्तों के साथ अलग-अलग अंदाज में वीडियो बनाकर शेयर करता था. उसके कंटेंट में प्यार-मोहब्बत से जुड़े वीडियो के साथ दबंग अंदाज वाली रील भी शामिल थीं.
सौरभ के साथ तीन-चार दोस्त भी रील बनाने में सहयोग करते थे. इसी वजह से पुलिस उसके दोस्तों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. जांच टीम उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स और उनसे जुड़े लोगों की गतिविधियों को भी खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.
पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय सौरभ के साथ कौन-कौन मौजूद था और उसके पास हथियार कैसे पहुंचा. सोशल मीडिया पर उसके द्वारा बनाए गए वीडियो भी जांच का हिस्सा बनाए जा सकते हैं. हालांकि, किसी व्यक्ति की भूमिका को लेकर पुलिस ने कोई निष्कर्ष नहीं दिया है.
ईंट भट्ठे के मुनीम ने बताया कैसे मिली सूचना
मृतक सौरभ कुशवाह के जीएस ईंट भट्ठे के मुनीम विष्णु ने बताया कि वह भट्ठे पर चौकीदार के साथ बैठा हुआ था. इसी दौरान सूचना मिली कि सौरभ का सिर फट गया है. इसके बाद वह ड्राइवर के साथ बाइक से घटनास्थल पर पहुंचा. वहां सौरभ घायल अवस्था में मिला और उसके शरीर से काफी खून निकल चुका था.
विष्णु के मुताबिक, सौरभ को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया. वहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया. आगरा के अस्पताल में सौरभ को मृत घोषित कर दिया गया. उन्होंने बताया कि सौरभ के चेहरे पर गोली के छर्रे के निशान बताए गए हैं.
सौरभ के पिता भूरा कुशवाह फिलहाल बेंगलुरु में हैं. घटना की सूचना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटा रही है.
जल्द खुलासा करने का पुलिस का दावा
सैपऊ सीओ मनोहर लाल मीणा ने बताया कि घटनास्थल से एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड की सहायता से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं. मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है. उन्होंने कहा कि मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
सीओ के मुताबिक, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर तथ्य की पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल हत्या, हादसे और हथियार के साथ रील बनाने के दौरान गोली चलने जैसी सभी संभावनाओं की जांच जारी है.
—- समाप्त —-
