How To Clean RO At Home: आजकल ज्यादातर सभी घरों में पानी को साफ करने वाला RO वॉटर प्यूरिफायर लगा होता है. RO लगवाने के बाद ज्यादातर लोगों को लगता है कि अब पानी की सफाई की पूरी जिम्मेदारी मशीन की है. फिल्टर समय पर बदलवा लिया, सर्विसिंग करा ली और बस काम खत्म. लेकिन क्या आप जानते हैं कि RO के अंदर जिस टंकी में पानी (वॉटर स्टोरेज टैंक) स्टोर होता है, उसकी सफाई पर भी ध्यान देना उतना ही जरूरी है? अगर ये टंकी लंबे समय तक साफ न हो, तो इसमें जमा गंदगी और चिकनाहट आपके साफ किए हुए पानी को भी खराब कर सकती है.
खासकर बारिश के मौसम में नमी और लंबे समय तक जमा पानी की वजह से टंकी के अंदर गंदगी जमने की समस्या बढ़ सकती है. कई बार लोग RO के अंदर लगे वॉटर स्टोरेज टैंक को साफ करने के लिए भी हजारों रुपये खर्च करके टेक्नीशियन को बुलाते हैं. अगर आप भी उन्हीं में से हैं, तो ये खबर आपके लिए है. आज हम आपको RO के वॉटर स्टोरेज टैंक को घर पर साफ करने का आसान तरीका बताने वाले हैं. इस तरीके से आप सिर्फ उसे खुद से साफ ही नहीं कर पाएंगे, बल्कि आपके हजारों रुपये भी बच जाएंगे.
RO का वॉटर स्टोरेज टैंक गंदा होने के संकेत
1. कई बार वॉटर स्टोरेज टैंक की गंदगी नजर नहीं आती है, लेकिन पानी में बदलाव महसूस होने लगता है. अगर RO के पानी का स्वाद अचानक बदल गया है या पानी से हल्की सी भी अजीब महक आने लगी है, तो टंकी की सफाई पर ध्यान दें.
2. अगर आप कई दिनों की छुट्टी पर गए थे और RO वॉटर स्टोरेज में पानी भरा रह गया था, तब भी वापस आने के बाद उसकी सफाई करना सही रहता है. इसी तरह जब RO की सर्विसिंग के दौरान फिल्टर बदले जाएं, तो वॉटर स्टोरेज टैंक की सफाई भी कर लेना समझदारी है.
कितने दिन में RO का वॉटर स्टोरेज टैंक करना चाहिए साफ?
आमतौर पर RO के वॉटर स्टोरेज टैंक को हर 1 से 2 महीने में एक बार साफ करना अच्छा माना जाता है. हालांकि अगर पानी का स्वाद या महक बदलने लगे, टंकी में गंदगी दिखाई दे या मशीन लंबे समय से इस्तेमाल न हुई हो, तो अगली डेट का इंतजार न करें. तुरंत उसे साफ कर लें.
वॉटर स्टोरेज टैंक साफ करने से पहले ये काम जरूर करें
RO की सफाई में सबसे जरूरी बात है सुरक्षा. वॉटर स्टोरेज टैंक खोलने से पहले मशीन का प्लग स्विच से निकाल दें और पानी की सप्लाई भी बंद कर दें. इसके बाद वॉटर स्टोरेज टैंक में बचा हुआ पानी निकाल दें. अगर पानी बहुत पुराना नहीं है, तो उसे पौधों में डालने या घर की सफाई जैसे कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है.
ऐसे करें RO के वॉटर स्टोरेज टैंक की सफाई
1. टंकी को आराम से खोलें: अगर आपके RO में स्टोरेज टैंक आसानी से बाहर निकल जाता है, तो उसे धीरे से अलग करें. अगर मशीन के अंदर फिक्स है, तो सिर्फ उतना ही हिस्सा खोलें जितना आपके मॉडल में आसानी से खुल सकता है. ध्यान रखें कि पाइप, तार या किसी कनेक्शन को खींचकर अलग करने की कोशिश न करें.
2. साबुन या सर्फ लगाने की गलती न करें: RO वॉटर स्टोरेज टैंक को साफ करने के लिए डिशवॉश, साबुन, सर्फ या तेज केमिकल वाले क्लीनर का इस्तेमाल न करें. इनके कण अंदर रह सकते हैं और बाद में पानी के कॉन्टैक्ट में आ सकते हैं. इसके बजाय हल्के गुनगुने पानी में थोड़ा नींबू का रस या विनेगर मिलाकर सफाई के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
3. अंदर की दीवारों को धीरे-धीरे साफ करें: अब एक साफ मुलायम कपड़ा या स्पंज लें और तैयार किए गए लिक्विड से वॉटर स्टोरेज टैंक के अंदर की दीवार को धीरे-धीरे पोंछें. जहां चिकनाहट या दाग ज्यादा हों, वहां हल्के हाथ से सफाई करें. बहुत जोर से रगड़ने या टैंक के सरफेस को खुरचने की कोशिश न करें.
4. टंकी को अच्छी तरह धोना है जरूरी: सफाई के बाद वॉटर स्टोरेज टैंक को साफ पानी से 2 से 3 बार अच्छी तरह धोएं. इसका मकसद यह है कि नींबू या विनेगर का थोड़ा बहुत पार्ट भी अंदर न रह जाए. इसके बाद साफ सूखे कपड़े से अंदर की नमी पोंछ दें.
ये गलती ना करें
वॉटर स्टोरेज टैंक के अंदर जमी गंदगी हटाने के लिए बर्तन साफ करने वाला तार, स्टील स्क्रबर या कोई नुकीली चीज इस्तेमाल न करें. इससे उसकी दीवारों पर स्क्रैच पड़ सकते हैं और आगे चलकर उन्हीं जगहों पर गंदगी जमा होने के चांस बढ़ सकते हैं. अगर आपके RO में UV लाइट लगी है, तो सफाई करते समय उसके कांच वाले हिस्से को छेड़ने से बचें.
सफाई के बाद तुरंत पानी पीना सही है?
वॉटर स्टोरेज टैंक को वापस अपनी जगह लगाने के बाद पानी की सप्लाई शुरू करें और मशीन को चालू करें. सफाई के बाद पहली बार भरे पानी को पीने के बजाय निकाल देना सही रहता है. इसके बाद वॉटर स्टोरेज टैंक में दोबारा पानी भरने दें और फिर नॉर्मल तरीके से इस्तेमाल करें.
कब खुद सफाई न करें?
अगर आपका RO मॉडल आसानी से खुल नहीं रहा है, वॉटर स्टोरेज टैंक तक पहुंचना मुश्किल है या उसे खोलने पर पाइप और इलेक्ट्रिकल कनेक्शन हटाने पड़ रहे हैं, तो जबरदस्ती न करें. ऐसी कंडीशन में टेक्नीशियन को बुलाना ही ज्यादा सही रहेगा.
—- समाप्त —-
