Sattu Pakoda Recipe: शाम की चाय के साथ गरमा-गरम पकौड़े खाने का मजा ही अलग होता है. आमतौर पर घरों में बेसन और प्याज के पकौड़े बनाए जाते हैं लेकिन आप इस बार कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो सत्तू और प्याज के पकौड़े बना सकते हैं. सत्तू और प्याज से तैयार ये पकौड़े बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट लगते हैं. इन्हें बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता. इन्हें आप चाय या अपनी पसंद की चटनी के साथ गरमा-गरम सर्व कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं सत्तू और प्याज के पकौड़े कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
2 प्याज
1 कप सत्तू
2 बड़े चम्मच धनिया पत्ता
स्वादानुसार नमक
1/4 छोटी चम्मच हींग
1/2 छोटी चम्मच हल्दी
1/2 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/3 छोटी चम्मच अजवाइन
2 कप तेल, तलने के लिए
सत्तू और प्याज के पकौड़े कैसे बनाएं?
- सबसे पहले प्याज को छीलकर धो लें और बारीक काटकर एक बड़े बाउल में रख लें. अब दूसरे बर्तन में सत्तू, नमक, हींग, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और अजवाइन डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- इसके बाद सत्तू के इस मिश्रण को कटे हुए प्याज में डालें और अच्छी तरह मिक्स करें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर मिश्रण तैयार करें. ध्यान रखें कि पानी ज्यादा न डालें, वरना मिश्रण बहुत पतला हो सकता है.
- अब कड़ाही में तेल डालकर मीडियम आंच पर गर्म करें. तेल गर्म होने पर तैयार मिश्रण का थोड़ा हिस्सा हाथ से लेकर पकौड़े के आकार में कड़ाही में डालें. आप चाहें तो चम्मच की मदद से भी पकौड़े डाल सकते हैं.
- पकौड़ों को पलट-पलटकर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें. इसके बाद इन्हें प्लेट में निकाल लें. इसी तरह सारे पकौड़े तैयार कर लें. गरमा-गरम सत्तू और प्याज के पकौड़ों को चाय, हरी चटनी या अपनी पसंद की चटनी के साथ सर्व करें.
—- समाप्त —-
