Headlines

UP पुलिस का गाजियाबाद से वाराणसी तक एक्शन, 2 बदमाशों का एनकाउंटर – UP Police action from Ghaziabad to Varanasi two criminals encountered Lcly


उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है. सोमवार देर रात गाजियाबाद से लेकर वाराणसी तक पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई. दोनों अलग-अलग घटनाओं में आरोपियों के पैर में गोली लगी है. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पहली मुठभेड़ गाजियाबाद के लोनी इलाके में हुई. यहां चिरोड़ी बाजार में महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच आमना-सामना हो गया. पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर को चिरोड़ी चौकी बैरियर के पास पुलिस संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान सूचना मिली कि महिला से चेन छीनने वाले दो बदमाश बाइक से बागपत की तरफ से आ रहे हैं.

पुलिस ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे. पीछा करने पर नेवला भट्टी गांव के पास नहर की पटरी पर उनकी बाइक फिसल गई. इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में दीपक नाम के बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी हरिप्रकाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

वाराणसी में अस्सी नाला के पास हुई मुठभेड़
पुलिस ने घायल दीपक के कब्जे से अवैध तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और महिला से छीनी गई चेन बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, दीपक शामली के झिंझाना का रहने वाला है. उसने अपने साथी के साथ चिरोड़ी बाजार में चेन स्नैचिंग की वारदात कबूल की है.

वहीं, दूसरी मुठभेड़ वाराणसी में अस्सी नाला के पास रविंद्रपुरी रोड पर हुई. यहां महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की छात्रा से ऑटो में छेड़खानी करने के आरोपी मैनूद्दीन को लंका पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी. उसे इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है.

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है. गाजियाबाद में चेन स्नैचिंग और वाराणसी में छात्रा से छेड़खानी के मामलों में पुलिस की कार्रवाई से दोनों जिलों में मुठभेड़ की घटनाएं सामने आई हैं.

फिरोजाबाद में भी पुलिस का एक्शन
यूपी पुलिस की फिरोजाबाद में भी मुठभेड़ हुई है. यहां एका थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर फाइनेंस कर्मी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई. घायल अवस्था में उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

गांव सिंहपुर उडेसर निवासी फाइनेंस कर्मी प्रदीप कुमार की 15 नवंबर की सुबह जमीन संबंधी विवाद को लेकर हुए मारपीट के दौरान हत्या कर दी गई थी. मामले में पुलिस ने देवेंद्र पुत्र गंगा सिंह समेत 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी.

चंचल कुमारी, सीओ, फिरोजाबाद ने बताया कि सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी देवेंद्र नहर पटरी के रास्ते फरार होने की फिराक में है. सूचना पर पुलिस टीम ने नगला धारू पुल से आगे निनावली गांव के पास चेकिंग शुरू कर दी. इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई.

पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसकी पहचान देवेंद्र के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए. पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *