उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के हुजूरपुर पुलिस थाने में तैनात 28 वर्षीय महिला कांस्टेबल ज्योति पासवान का शव सोमवार शाम स्टाफ रूम में फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया.
कैसरगंज के क्षेत्राधिकारी (सीओ) डीके श्रीवास्तव ने बताया कि ज्योति पासवान मूल रूप से महाराजगंज जिले की रहने वाली थीं. उनका परिवार हाल ही में कानपुर में रहने लगा था और घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन बहराइच के लिए रवाना हो गए.
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
सीओ डीके श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
—- समाप्त —-
