यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) ने सोमवार को सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) के परिणाम घोषित कर दिए हैं. इस परीक्षा में कुल 13,343 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है. बता दें कि यह प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को आयोजित की गई थी.
UPSC ने एक बयान में कहा, इस साल सिविल सेवा परीक्षा 2026 के लिए अधिसूचित 1,016 रिक्तियों के मुकाबले, सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2026 के लिए कुल 13,343 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है.
वहीं, पिछले साल 1,087 अधिसूचित रिक्तियों के मुकाबले सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2025 के लिए कुल 14,161 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया था.
यह भी पढ़ें: एयरफोर्स के विमान 18 ठिकानों से उठाएंगे पैकेट्स, परिंदा भी नहीं मार सकता पर… ऐसे होगी Re-NEET की 21 जून की परीक्षा
आयोग की ओर से हर साल तीन चरणों प्रारंभिक, मुख्य और इंटरव्यू /पर्सनैलिटी टेस्ट में सिविल सेवा परीक्षा आयोजित की जाती है, ताकि इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (IAS), इंडियन फ़ॉरेन सर्विस (IFS) और इंडियन पुलिस सर्विस (IPS) आदि के लिए अधिकारियों का चयन किया जा सके.
बयान में कहा गया है कि परीक्षा के नियमों के अनुसार, सभी सफल उम्मीदवारों को विवरण देने या अपडेट करने के लिए एक विंडो दी जाएगी. इसमें सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा 2026 में प्रवेश के लिए 200 रुपये का शुल्क जमा करना शामिल है. हालांकि महिला, PwBD, SC, ST जैसे शुल्क-मुक्त श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए यह लागू नहीं होगा.
इन विवरणों को भरने और जमा करने की विंडो UPSC की वेबसाइट पर 19 से 28 जून तक उपलब्ध रहेगी.
4 फरवरी, 2026 के सिविल सेवा परीक्षा नियम 2026 में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा के लिए सफल सभी उम्मीदवारों को इस विंडो के दौरान पोर्टल (https://upsconline.nic.in) पर अनिवार्य रूप से लॉग इन करना होगा. उन्हें अपने विवरण आदि को अपडेट करनी होगी और आवेदन पत्र जमा करना होगा ताकि आयोग ई-एडमिट कार्ड जारी कर सके. ऐसा न करने पर, ऐसे उम्मीदवारों को परीक्षा के अगले चरणों में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
—- समाप्त —-
