Headlines

अखिलेश यादव की रैली में फूल बरसाते बुलडोजर की चपेट में आया BJP नेता का बेटा, मौत – akhilesh yadav pda rath yatra gorakhpur bulldozer hit bjp leader son dies ntc aktw


उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ. रैली में शामिल बुलडोजर की चपेट में आने से 14 साल के छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई. 

आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत BJP नेता हैं. वह गोरखपुर में पार्टी के चुनाव आयोग संपर्क विभाग से जुड़े हैं. घटना के बाद परिवार और BJP कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने अखिलेश यादव और रथयात्रा के आयोजकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की.

बहन को स्कूल से लेने जा रहा था छात्र

आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय में 10वीं का छात्र था. परिवार के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे अखिलेश यादव का काफिला इलाके से गुजर रहा था. इसी दौरान आर्यवर्धन अपनी बहन को लेने उसके स्कूल जा रहा था. आरोप है कि सड़क पार करते समय पीछे से आ रहे बुलडोजर ने उसे टक्कर मार दी.

आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह का आरोप है कि बुलडोजर रैली में फूल बरसा रहा था. अखिलेश यादव का काफिला आगे निकल चुका था. इसके बाद तेज रफ्तार से आ रहे बुलडोजर ने उनके बेटे को पीछे से टक्कर मार दी. पिता का कहना है कि, टक्कर लगने से आर्यवर्धन सड़क के डिवाइडर से जा टकराया. उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई थी.

पिता ओंकार सिंह ने बताया कि पहले पुलिस ने फोन कर बेटे के साथ हादसा होने की जानकारी दी थी. लेकिन उन्हें चोटों की गंभीरता के बारे में नहीं बताया गया. मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें बेटे की हालत का पता चला. पिता का कहना है कि डॉक्टरों ने परिवार को बताया कि आर्यवर्धन को CPR दिया गया था, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

परिवार और BJP कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

ओंकार सिंह ने रैली के इंतजामों पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि काफिले का प्रबंधन ठीक से नहीं किया गया था. उन्होंने इस घटना को हत्या बताते हुए अखिलेश यादव और रथयात्रा के आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की.

हादसे के बाद परिवार के लोगों और BJP कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर की झारखंडी कॉलोनी के बाहर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव और रथयात्रा की पूरी आयोजन समिति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की. परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय दिलाने की अपील भी की.

अखिलेश यादव बोले- मुझे घटना की जानकारी नहीं

मामले पर अखिलेश यादव से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने रैली के लिए कोई इंतजाम नहीं किए थे. अखिलेश यादव ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है. इसके अलावा प्रशासन ने कोई इंतजाम नहीं किए थे. BJP के लोगों से सावधान रहने की जरूरत है. वे किसी को भी झूठे मामलों में फंसा देते हैं.

इस घटना के बाद गोरखपुर में राजनीतिक विवाद बढ़ गया है. एक तरफ परिवार रैली के आयोजकों की जवाबदेही तय करने और केस दर्ज करने की मांग कर रहा है. वहीं, अखिलेश यादव ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *