Headlines

इटावा के कार गैराज में लगी भीषण आग, होने लगे एक के बाद एक धमाके – Etawah Massive Fire Breaks Out in Car Garage makes back to back blasts lcltm


उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में देर रात एक कार रिपेयरिंग गैराज में लगी भीषण आग ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आवास के पास ईदगाह के नजदीक की है, जहां अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि गैराज में खड़े कई वाहन, मशीनरी और अन्य सामान चंद मिनटों में ही उसकी चपेट में आ गए. आग के साथ ही जोरदार धमाकों की आवाजें भी आने लगीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए और दुकानों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए एक के बाद एक कई फायर टेंडर बुलाने पड़े. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की सड़कों पर यातायात पूरी तरह से रोक दिया गया और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया.

बताया जा रहा है कि गैराज में रखे टायर और वेल्डिंग के काम में इस्तेमाल होने वाले ऑक्सीजन सिलेंडर आग की चपेट में आकर फटने लगे, जिससे धमाकों की आवाज और तेज हो गई. यही कारण था कि आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी सतर्कता बरतनी पड़ी. गैराज मालिक अनीश ने बताया कि वह रोज की तरह गैराज बंद कर घर चले गए थे, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्हें आग लगने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचकर देखा तो सब कुछ जलकर खाक हो चुका था. कई गाड़ियां भी पूरी तरह नष्ट हो गई हैं.

मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या आसपास सूखे पत्तों में लगी आग को कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है.
 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *