इन्फ्लुएंसर की हत्या में गैंगस्टर कनेक्शन से पुलिस का इनकार! कई एंगल से हो रही है मर्डर केस की जांच – mad sandhu murder amritsar lgbtq influencer gangster link denied punjab police pvzs


अमृतसर में इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर गैंगस्टर की तरफ से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था. अब पंजाब पुलिस ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर सामने आए कथित पोस्ट प्रामाणिक नहीं हैं. पुलिस के मुताबिक हत्या की जांच कई पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. 

आपको बता दें कि 29 साल के मैड संधू की शनिवार शाम करीब 6 बजे अमृतसर के लोहारका रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस के मुताबिक मैड संधू लोहारका रोड स्थित एक कार वॉशिंग सेंटर के बाहर मौजूद थे, तभी बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं. गोली लगने के बाद संधू को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी.  

मौका-ए-वारदात से पुलिस ने दो खाली कारतूस बरामद किए थे. हत्या के बाद पुलिस ने हमलावरों की पहचान और वारदात के मकसद का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी थी. इसी दौरान सोशल मीडिया पर विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और लकी जौहल स्पेन के नाम से कुछ कथित पोस्ट सामने आए थे, जिनमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था. 

हालांकि, अमृतसर पुलिस ने इन पोस्ट को फर्जी बताया है. पुलिस अफसरों ने कहा कि पुलिस मामले को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रही है. पुलिस ने हमलावरों तक पहुंचने और हत्या की वजह पता लगाने के लिए विशेष टीमें गठित की हैं. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने रविवार को उनका शव परिवार को सौंप दिया था, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया. 

इस बीच एक पुराने विवाद का भी जिक्र सामने आया है, लेकिन पुलिस ने साफ कहा है कि अब तक इन पुराने विवादों और हत्या के बीच कोई कनेक्शन नहीं मिला है. फिलहाल पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है और हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने की कोशिश जारी है. 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *