कारों में बैठे-बैठे जिंदा जले लोग… स्पेन में भीषण आग का कहर, 12 की मौत, 23 का सुराग नहीं – spain andalusia forest fire deaths missing rescue operation ntcpvp


स्पेन के दक्षिणी हिस्से में लगी भीषण जंगल की आग ने भारी तबाही मचाई है. अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में अब तक कम से कम 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 23 लोग अब भी लापता हैं. दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं. इसे स्पेन के इतिहास की सबसे घातक जंगल की आग की घटनाओं में से एक माना जा रहा है.

अंडालूसिया इलाके के आपातकालीन मामलों के प्रमुख एंटोनियो सान्ज़ ने बताया कि मृतकों में एक स्पेनिश नागरिक शामिल है, जबकि बाकी सभी विदेशी नागरिक प्रतीत होते हैं. उन्होंने कहा कि प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की सलाह दी थी, लेकिन कुछ लोगों ने निर्देशों की अनदेखी करते हुए कारों से भागने की कोशिश की. इसी दौरान आग तेजी से फैली और कई लोग उसकी चपेट में आ गए.

अल्मेरिया प्रांत के लॉस गालार्डोस के जंगलों में फैली आग
यह आग अल्मेरिया प्रांत के लॉस गालार्डोस कस्बे के आसपास के जंगलों में फैली. यह इलाका पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है और यहां फ्रांस, ब्रिटेन तथा बेल्जियम समेत कई देशों के नागरिक बड़ी संख्या में रहते हैं.

अफसरों के अनुसार एक कार में चार लोगों के शव मिले. कार का स्टीयरिंग दाईं ओर होने के कारण आशंका है कि वे ब्रिटेन के नागरिक थे. इसके अलावा आठ अन्य लोगों के शव उस समय मिले जब वे अपनी कारें छोड़कर पैदल भागने की कोशिश कर रहे थे. बताया गया कि उन्होंने जिस रास्ते से निकलने की कोशिश की, वह प्रशासन द्वारा तय किए गए निकासी मार्ग का हिस्सा नहीं था. कई शव बुरी तरह झुलस चुके हैं और उनकी पहचान डीएनए जांच के जरिए की जाएगी.

अंडालूसिया के क्षेत्रीय प्रमुख जुआन मैनुअल मोरेनो ने कहा, “आग बारूद की तरह फैल गई. यह अब तक देखी गई सबसे भीषण आग की घटनाओं में से एक है.” उन्होंने बताया कि अब तक करीब 3,200 हेक्टेयर क्षेत्र जल चुका है और तेज हवाओं के कारण हालात और बिगड़ सकते हैं. लापता लोगों में कई ट्रैकर्स और पर्यटक भी शामिल हो सकते हैं, जो जंगल में घूमने गए थे. बचाव दल को घटनास्थल से कई वॉकिंग स्टिक भी मिली हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि कुछ पैदल यात्री अचानक आग की चपेट में आ गए.

इस घटना की तुलना पुर्तगाल में जून 2017 में लगी भीषण जंगल की आग से की जा रही है, जिसमें 60 से अधिक लोगों की मौत हुई थी. उस हादसे में भी कई लोग अपनी कारों में जिंदा जल गए थे.

समय से पहले शुरू हुआ जंगल की आग का मौसम

विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल स्पेन में लगातार पड़ रही शुरुआती गर्मी और हीटवेव के कारण जंगल सूख चुके हैं, जिससे आग तेजी से फैल रही है. यूरोपीय फॉरेस्ट फायर इन्फॉर्मेशन सिस्टम (EFFIS) के अनुसार इस वर्ष अब तक लगभग 57,000 हेक्टेयर क्षेत्र जल चुका है. यह पिछले दो दशकों के औसत वार्षिक क्षेत्रफल का लगभग आधा है और पूरे यूरोपीय संघ में इस साल जले कुल क्षेत्र का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा अकेले स्पेन में है.

सलामांका के वन अग्निशमनकर्मी रोमन गार्सिया ने कहा कि सामान्यतः इतनी बड़ी आग अगस्त में देखने को मिलती थी, लेकिन अब वनस्पति पहले ही सूख जाती है, इसलिए जंगल की आग का मौसम भी जल्दी शुरू हो रहा है.

पिछले वर्ष अगस्त में रिकॉर्ड हीटवेव के दौरान स्पेन में 3.3 लाख हेक्टेयर से अधिक जंगल जल गए थे, जो लंदन शहर के क्षेत्रफल से लगभग दोगुना है. उस समय प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने माना था कि जंगल की आग रोकने की व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी और वन प्रबंधन में सुधार की जरूरत है. उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव कदम उठाने का वादा किया था.

मृतकों के शवों और लापता लोगों की तलाश में जुटा प्रशासन

शुक्रवार को प्रधानमंत्री सांचेज़ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद और विनाशकारी है. वहीं प्रशासन मृतकों की पहचान और लापता लोगों की तलाश में जुटा है. दुनियाभर से परिजन सोशल मीडिया पर अपने प्रियजनों की जानकारी मांग रहे हैं. एक महिला ने बताया कि उसकी बेटी अपनी लाल रंग की फोर्ड फिएस्टा कार और पालतू कुत्ते के साथ लापता है, जबकि अमेरिका की एक महिला ने कहा कि उसका भाई 10 लोगों के समूह के साथ घाटी के रास्ते निकलने की कोशिश कर रहा था.

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आग सड़क किनारे गिरी एक बिजली की तार से शुरू हुई, हालांकि बिजली कंपनी एंडेसा ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस तार में बिजली प्रवाहित नहीं हो रही थी. जांच अभी जारी है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *