कार्यकर्ता से बने सिर्फ समर्थक, आकाश आनंद ने बदला ‘X’ बायो… क्या BSP से फिर होगी विदाई? – akash anand changes x bio after mayawati action bsp ntc dhrj


बहुजन समाज पार्टी के भीतर आकाश आनंद को लेकर सियासी तस्वीर तेजी से बदल रही है. पार्टी के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर पद से हटाए जाने के चार दिन बाद आकाश ने अपने X प्रोफाइल का बायो बदल दिया है. पहले वहां ‘बसपा कार्यकर्ता’ लिखा था, अब उन्होंने खुद को सिर्फ ‘बसपा समर्थक’ बताया है. इसी बीच सूत्रों के हवाले से यह भी खबर है कि बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी के पदाधिकारियों से आकाश आनंद और अशोक सिद्धार्थ को सोशल मीडिया पर अनफॉलो करने को कहा है.

आकाश के बायो में आया यह बदलाव ऐसे वक्त हुआ है, जब उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, BSP ने अभी आकाश आनंद को पार्टी से निकालने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. फिर भी बायो में कार्यकर्ता की जगह समर्थक लिखे जाने को उनके मौजूदा रिश्ते के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

सूत्रों के मुताबिक, मायावती ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों को आकाश आनंद और उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ को सोशल मीडिया पर अनफॉलो करने का निर्देश दिया है. यह निर्देश ऐसे समय आया है, जब आकाश को पार्टी के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर पद से हटाया जा चुका है. खैर, आकाश के साथ ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है. मार्च 2025 में भी मायावती ने पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए उन्हें BSP से बाहर कर दिया था. बाद में उनकी पार्टी में वापसी हुई. अब X बायो में कार्यकर्ता की जगह समर्थक लिखने से उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं.

कार्यकर्ता से समर्थक तक पहुंचा आकाश का X बायो

राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक के बाद पद जाने पर आकाश ने अपने X प्रोफाइल में खुद को BSP का कार्यकर्ता बताया था. अब उन्होंने यही पहचान बदल दी है. प्रोफाइल में कार्यकर्ता की जगह समर्थक लिखा गया है. सियासत में नेताओं की सोशल मीडिया प्रोफाइल भी कई बार उनके रुख का संकेत देती है. ऐसे में आकाश का यह बदलाव चर्चा का विषय बन गया है. हालांकि, इससे यह पक्का नहीं होता कि वह पार्टी से बाहर हो चुके हैं.

आकाश के समर्थन में भी उठ रही आवाज

इस बीच BSP से जुड़े लोगों के एक वर्ग में आकाश आनंद को लेकर नाराजगी की बात सामने आ रही है. सोशल मीडिया पर ‘उम्मीदों का आकाश’ जैसे शब्दों के साथ उनके समर्थन में पोस्ट किए जा रहे हैं. उनके समर्थक लगातार उनके पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

यानी एक तरफ पार्टी के भीतर आकाश की भूमिका सीमित होती दिख रही है, दूसरी तरफ उनके समर्थक उन्हें लेकर अपनी आवाज उठा रहे हैं. आने वाले दिनों में पार्टी इस मामले पर क्या फैसला करती है, इस पर सबकी नजर रहेगी.

छोटे भतीजे ईशान आनंद को आगे बढ़ाने की तैयारी?

आकाश आनंद के बीच मायावती के छोटे भतीजे ईशान आनंद को पार्टी में आगे बढ़ाने की चर्चा भी शुरू हो गई है. ईशान को मुख्य सेक्टर प्रभारी बनाया गया है. रविवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय में लंबी बैठक हुई. इसके बाद चर्चा है कि उन्हें कुछ राज्यों की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है. हालांकि, इस बारे में BSP की तरफ से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

सूत्रों के मुताबिक, ईशान मायावती के साथ अपने पिता आनंद कुमार को रिपोर्ट करेंगे. वह हाल में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में भी शामिल हुए थे. इससे पहले मायावती के जन्मदिन पर भी उनकी मौजूदगी रही थी.

पार्टी में रामजी गौतम और लालाराम की जिम्मेदारियां बढ़ाने की भी चर्चा है. ऐसे में BSP के भीतर संगठन की जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किस तरह होता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल आकाश आनंद के अगले राजनीतिक कदम को लेकर है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *