कौशांबी LPG टैंकर अग्निकांड का CCTV आया सामने, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 4 – kaushambi lpg tanker fire cctv video death toll rises to four lclcn


उत्तर प्रदेश के कौशांबी में 26 जून को हुए भीषण LPG गैस टैंकर अग्निकांड का CCTV फुटेज सामने आया है. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि तेज रफ्तार टैंकर डिवाइडर से टकराता है. टक्कर के बाद गैस का रिसाव शुरू हो जाता है और कुछ ही पलों में चारों ओर गैस फैल जाती है. इसके बाद टैंकर में भीषण आग लग जाती है और पूरा इलाका आग की लपटों में घिर जाता है.

इस दर्दनाक हादसे में अब मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है. इलाज के दौरान दो टोल कर्मचारियों ने दम तोड़ दिया. वहीं दो अन्य कर्मचारी अभी भी प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं.

यह भी पढ़ें: कौशांबी में भीषण हादसा… सड़क पर खड़े वाहन हटवाते समय PRD जवान को पिकअप ने रौंदा, अस्पताल में मौत

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

चालक की मौके पर हुई थी मौत

जानकारी के मुताबिक, 26 जून की सुबह करीब 7 बजे कानपुर से वाराणसी की ओर जा रहा LPG गैस से भरा टैंकर कोखराज टोल प्लाजा के पास पहुंचा था. इसी दौरान वह अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया. कुछ ही मिनटों में टैंकर आग का गोला बन गया और आसपास का इलाका भी इसकी चपेट में आ गया.

हादसे में टैंकर चालक धर्मेंद्र द्विवेदी केबिन से बाहर नहीं निकल सका और मौके पर ही जिंदा जल गया. पुलिस ने उसकी पहचान मिर्जापुर निवासी के रूप में की थी.

देखें CCTV वीडियो…

इलाज के दौरान दो और टोल कर्मचारियों ने तोड़ा दम

हादसे में टोल प्लाजा के पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए थे. सभी को इलाज के लिए प्रयागराज के SRN अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

घटना के दूसरे दिन इलाज के दौरान टोल कर्मचारी आलोक सिंह की मौत हो गई थी. इसके बाद हीरामणि सिंह, अतुल कुमार मिश्रा, कृष्णपाल मौर्य और अनिल का इलाज चल रहा था.

अब इलाज के दौरान रायबरेली निवासी हीरामणि सिंह और ललितपुर निवासी कृष्णपाल मौर्य ने भी दम तोड़ दिया है. इस तरह हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अतुल कुमार मिश्रा और अनिल का इलाज अभी भी जारी है.

थाना प्रभारी बोले- दो घायलों का इलाज जारी

कोखराज थाना प्रभारी चंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि इलाज के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई है. अब तक इस हादसे में चार लोगों की जान जा चुकी है.

उन्होंने बताया कि दो घायल कर्मचारियों का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं सामने आए CCTV फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है, ताकि हादसे के पूरे घटनाक्रम का तकनीकी विश्लेषण किया जा सके.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *