गूंगी-बहरी होने का नाटक, शादी के नाम पर लोगों को फंसाने वाली लुटेरी दुल्हन गैंग की चार महिलाएं गिरफ्तार – maharajganj up crime news Four Women Robber Bride Gang arrested lclnt


उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी और लूट करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस गिरोह की चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक पुरुष आरोपी अभी फरार है. पुलिस के मुताबिक यह गिरोह लोगों को शादी का झांसा देकर उनसे नकदी और जेवरात ठगता था.

मामला सिंदुरिया थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने चिउटहा बाजार के पास से इस कथित लुटेरी दुल्हन गिरोह की चार महिला आरोपितों को दबोच लिया. गिरफ्तार महिलाओं के पास से 39 हजार 500 रुपये नकद, चांदी की पायल और मंगलसूत्र बरामद किया गया है.

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एटा निवासी रंजीत चौहान ने सिंदुरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में उन्होंने बताया कि जितेंद्र नामक व्यक्ति और चार महिलाओं ने सुनियोजित तरीके से उनकी शादी अंजलिका नाम की महिला से तय कराई थी.

अंजलिका को अविवाहित बताया था
गिरोह ने अंजलिका को अविवाहित बताया था, जबकि बाद में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और एक बच्चे की मां भी है. सिंदुरिया क्षेत्र के एक मंदिर में शादी की रस्में कराई गईं, जहां शादी के खर्च और गहनों के नाम पर रंजीत से करीब एक लाख रुपये और जेवरात ले लिए गए.

शिकायत के अनुसार, रस्मों के दौरान ही आरोपितों ने अचानक गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. इसी अफरातफरी के बीच मुख्य आरोपी जितेंद्र, दुल्हन बनी अंजलिका को लेकर फरार हो गया. जांच के दौरान पुलिस ने रविवार को चिउटहा-सिंदुरिया रोड से चार महिला आरोपितों सुमित्रा, लालती, काजल और अंजलिका को गिरफ्तार कर लिया.

फिल्मी स्टाइल में करते थे ठगी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इस पूरे गिरोह की मास्टरमाइंड लालती है. उसका पुराना आपराधिक इतिहास भी बताया जा रहा है. वहीं फरार आरोपी जितेंद्र की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
इस गिरोह की कार्यशैली बेहद फिल्मी थी. 

पुलिस के मुताबिक, सुमित्रा खुद को दुल्हन की मां बताती थी और गूंगी-बहरी होने का नाटक करती थी, ताकि पीड़ित पक्ष को भरोसा दिलाया जा सके. इससे लोगों को लगता था कि परिवार सीधा-सादा है और वे आसानी से उनके जाल में फंस जाते थे.

पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे गिरोहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जनता से अपील की गई है कि शादी जैसे मामलों में पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही आगे बढ़ें.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *