घर में इन चीजों की वजह से आ सकते हैं सांप! बारिश में भूलकर भी न करें ये गलतियां, ऐसे रखें घर को सुरक्षित – snake attraction food items home safety tips saanp ko ghar mein ghusne se kaise roke tvist


बारिश का मौसम आते ही सांप अक्सर घरों के आसपास दिखाई देने लगते हैं. अगर आपका घर के आसपास हरियाली है, तो सांप होने का खतरा और बढ़ जाता है. कई बार सांप अचानक घर के अंदर नजर आ जाता है और लोग सोचते हैं कि आखिर वो यहां आया कैसे. लेकिन आपको ये बात पता होनी जरूरी है कि सांप यूं ही किसी घर को अपना ठिकाना नहीं बनाते. अक्सर वे खाने की तलाश में घर के आसपास पहुंचते हैं और अगर वहां उन्हें अपना शिकार आसानी से मिल जाए तो अंदर घुसने का खतरा भी बढ़ जाता है.

खास बात ये है कि सांपों को आपके घर में रखी बहुत सी चीजें आकर्षित करती हैं. इसलिए जरूरी है कि आप जानें कि आखिर कौन-सी चीजें सांपों को आपके घर की तरफ खींच सकती हैं. इसलिए अगर आप चाहते हैं कि बारिश के मौसम में सांप घर से दूर रहें, तो सबसे पहले उन चीजों पर ध्यान देना जरूरी है जो उन्हें घर तक खींचती हैं. चलिए जानते हैं सांपों को खाने में सबसे ज्यादा क्या पसंद हैं.

1. घर में चूहे हैं तो सांप भी पहुंच सकते हैं: अगर आप पूछें कि सांपों को सबसे ज्यादा क्या खाना पसंद होता है, तो इसका जवाब चूहे होगा. अगर आपके घर की रसोई, स्टोर रूम, गैराज या गार्डन में चूहे हैं, तो सांप भी वहां पहुंच सकते हैं.

घर में खुले में रखा खाना, अनाज के दाने, खाने के टुकड़े और कूड़ा चूहों को अट्रैक्ट कर सकता है. इसलिए खाने की चीजों को हमेशा ढककर रखें और घर में चूहों के होने को नजरअंदाज बिल्कुल न करें.

2. बारिश में बढ़ जाते हैं मेंढक, इसलिए बढ़ सकता है खतरा: मॉनसून में जगह-जगह पानी जमा होने से मेंढक भी ज्यादा दिखाई देने लगते हैं. गीली मिट्टी, गड्ढों, तालाब या घर के आसपास जमा पानी वाली जगहों पर मेंढक खूब दिखते हैं. मेंढक के पीछे-पीछे सांप भी वहां पहुंच सकते हैं.

ऐसे में अगर आपके घर के आसपास मेंढक बहुत ज्यादा हैं, तो वहां सांपों के पहुंचने की संभावना भी बढ़ सकती है. इसलिए घर के आसपास पानी जमा न होने दें और गार्डन या खुले हिस्से की जल्दी-जल्दी सफाई करें.

3. छिपकली और छोटे जीव भी बन सकते हैं वजह: घर में अगर छिपकलियां और छोटे कीड़े-मकौड़े बहुत ज्यादा हैं, तो वो भी सांपों के आने की वजह बन सकते हैं. कुछ सांप छिपकली, छोटे पक्षियों और दूसरे छोटे जीवों का शिकार करते हैं.

यानी घर में छोटे जीवों की संख्या बढ़ने से सांपों के लिए भी खाने का इंतजाम हो सकता है. इसलिए घर के कोनों, स्टोर एरिया और गार्डन में साफ-सफाई रखना जरूरी है.

4. बाहर रखा पालतू जानवरों का खाना भी बन सकता है वजह: अगर आप कुत्ते या बिल्ली के लिए घर के बाहर खाना रखते हैं, तो बचे हुए खाने को लंबे समय तक वहां न पड़ा रहने दें. बचे हुए खाने के कारण चूहों और दूसरे छोटे जीव आ सकते हैं. और जहां चूहे जैसे शिकार मौजूद होंगे, वहां सांप भी पहुंच सकते हैं. इसलिए पालतू जानवरों के खाने के बर्तन को समय-समय पर साफ करें और खासकर रात में बाहर खाना पड़ा न रहने दें.

5. पक्षियों के लिए दाना रखते हैं तो सफाई का रखें ध्यान: बालकनी, छत या आंगन में पक्षियों के लिए दाना डालना अच्छी बात है, लेकिन इसके साथ सफाई का ध्यान रखना भी जरूरी है. नीचे गिरे हुए दानों को खाने चूहे आ सकते हैं. अगर चूहे आए तो उनके पीछे सांप भी उस जगह तक पहुंच सकते हैं. इसलिए पक्षियों के दाने के आसपास गिरे हुए अनाज को रोजाना साफ करें.

सांपों को घर से दूर रखने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखना भी बहुत जरूरी है. इससे सांपों के आने का खतरा कम करने में मदद कर सकता है.

  • घर के आसपास झाड़ियां और लंबी घास न बढ़ने दें.
  • पुराने लकड़ी के टुकड़े, ईंट, कबाड़ और बेकार सामान इकट्ठा करके न रखें.
  • कूड़ेदान को हमेशा ढककर रखें.
  • घर की दीवारों, दरवाजों और खिड़कियों के आसपास मौजूद दरारों को बंद करें.
  • गार्डन और स्टोर रूम की नियमित सफाई करें.
  • घर के आसपास पानी जमा न होने दें.
  • रात में बाहर निकलते समय टॉर्च का इस्तेमाल करें.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *