जब भरे बाजार पानी में अचानक तैरती आई लाश, गाजियाबाद में खौफनाक Video – ghaziabad loni unknown body found floating on road after heavy rain ankur vihar LCLAR


दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही भारी बारिश के बीच गाजियाबाद के लोनी इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. अंकुर विहार स्थित एसीपी ऑफिस के पास सड़क पर बारिश के पानी में एक अज्ञात शख्स का शव तैरता मिला. सड़क के बीचोंबीच शव दिखाई देने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए.

घटना लोनी के अंकुर विहार इलाके की है. जहां एसीपी कार्यालय के पास सड़क पर बारिश का पानी जमा था. इसी पानी में एक शख्स का शव तैरता हुआ दिखाई दिया. सड़क के चारों तरफ बाजार होने की वजह से उस समय बड़ी संख्या में लोग वहां से गुजर रहे थे. लोगों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, इलाके में सनसनी फैल गई.

मार्केट के बीच दिखा खौफनाक मंजर

प्रत्यक्ष रूप से दिखाई दे रहे इस दृश्य ने लोगों को हैरान कर दिया. सड़क पर रोजमर्रा की आवाजाही जारी थी, लेकिन उसी पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला. ऐसी आशंका जताई जा रही है कि लगातार हो रही बारिश की वजह से नालों में पानी का बहाव तेज हो गया. इसी तेज बहाव के साथ शव बहकर सड़क तक पहुंच गया. हालांकि शव वहां कैसे पहुंचा, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है.

घटना की सूचना मिलने के बाद लोनी बॉर्डर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. गाजियाबाद पुलिस के अनुसार, मामले में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.

मृतक की पहचान कराने में जुटी पुलिस

पुलिस अज्ञात शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है. इसके लिए आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही आगे की विधिक कार्रवाई भी जारी है. लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क पर शव मिलने की इस घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर दिया है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शव की पहचान के आधार पर आगे की जांच करेगी.
 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *