Headlines

‘तुम दबाव नहीं समझ सकते’, राजकुमार राव ने डिलीट किया कमेंट, ‘मोदी है तो मुमकिन है’ गाने पर दी सफाई – rajkummar rao deleted pressure comment on doing modi hai toh mumkin hai song neet protest controversy tmova


बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में हैं. इसकी वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि NEET-UG परीक्षा विवाद पर किया गया एक पोस्ट और उसके बाद डिलीट किया गया एक कमेंट है अब उनके हटाए गए जवाब का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग उसकी एक खास लाइन- ‘तुम कभी नहीं जान सकते कि कितना दबाव होता है.’ के अलग-अलग मतलब निकाल रहे हैं.

दरअसल, राजकुमार राव ने हाल ही में दिल्ली में NEET-UG पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया था. उन्होंने छात्रों की बात सुनने, शांतिपूर्ण संवाद और निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया. लेकिन इस पोस्ट के कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने उनसे पुराना सवाल पूछ लिया.

राजकुमार ने क्यों डिलीट किया कमेंट?

यूजर ने लिखा- मैं आपकी बहुत इज्जत करता था, लेकिन ‘मोदी है तो मुमकिन है’ जैसे प्रोपेगेंडा गाने में काम करके आपने सब खत्म कर दिया. आपकी हर फिल्म देखता हूं, कभी नहीं सोचा था कि आप इतनी आसानी से समझौता कर लेंगे. इस पर राजकुमार राव ने लंबा जवाब दिया, जिसे बाद में उन्होंने डिलीट कर दिया. हालांकि तब तक कई लोगों ने उसका स्क्रीनशॉट सेव कर लिया था और अब वही इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.

राजकुमार ने अपने जवाब में लिखा- मैं कभी अपनी आत्मा नहीं बेच सकता. एक गाना यह तय नहीं करता कि मैं कौन हूं, मेरी सोच क्या है या मैं किन विचारों के साथ खड़ा हूं. तुम कभी नहीं जान सकते कि कितना दबाव होता है. मैं हमेशा उसी बात के साथ खड़ा हूं जो सही हो और जो इंसानों को जोड़कर रखे. जब तक मेरा जमीर साफ है और मैं ईमानदारी से मेहनत करता हूं, तब तक बाकी चीजें मायने नहीं रखतीं. जो लोग मुझे व्यक्तिगत रूप से जानते हैं, उन्हें पता है कि मैं कैसा इंसान हूं. उम्मीद है कि एक दिन मैं तुम्हारा सम्मान फिर से हासिल कर पाऊंगा. भगवान तुम्हें खुश रखे.

वायरल हो रहा राजकुमार का कमेंट

सबसे ज्यादा चर्चा उनके इसी वाक्य “You can never know the pressure” को लेकर हो रही है. कई सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि शायद वह उस गाने में काम करने के दौरान किसी तरह के दबाव की ओर इशारा कर रहे थे. हालांकि राजकुमार राव ने अपने कमेंट में यह साफ नहीं किया कि उनका मतलब किस दबाव से था. उन्होंने यह भी कहीं नहीं कहा कि उन्हें किसी ने गाने का हिस्सा बनने के लिए मजबूर किया था.

इससे पहले छात्रों के समर्थन में किए गए अपने पोस्ट में राजकुमार राव ने लिखा था कि जब युवाओं को लगता है कि उनकी आवाज नहीं सुनी जा रही, तो समाज को रुककर उनकी बात सुननी चाहिए. हर आवाज सम्मान और निष्पक्षता की हकदार है. उन्होंने कहा कि हिंसा किसी भी तरफ से हो, वह सिर्फ हालात को और खराब करती है. इस समय जरूरत संवाद, संवेदनशीलता और समझदारी की है.

उन्होंने आगे लिखा कि छात्रों को जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए और प्रशासन को भी सहानुभूति और खुले मन से उनकी बात सुननी चाहिए. उनके मुताबिक, देश की तरक्की की सबसे मजबूत नींव एक निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था है.

NEET-UG परीक्षा विवाद को लेकर देश के कई हिस्सों में छात्रों का प्रदर्शन जारी है. हाल ही में दिल्ली में ‘चलो संसद’ मार्च भी निकाला गया, जिसमें हजारों छात्रों और समर्थकों ने हिस्सा लिया. इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठी. इस पूरे मुद्दे पर अब बॉलीवुड भी धीरे-धीरे खुलकर सामने आ रहा है. सलमान खान, आलिया भट्ट, आर. माधवन, अनुपम खेर, सोनाक्षी सिन्हा, नसीरुद्दीन शाह और इमरान खान समेत कई फिल्मी सितारे छात्रों के समर्थन में अपनी राय रख चुके हैं और शांतिपूर्ण समाधान की अपील कर चुके हैं.
 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *