तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को को रौंदा, युवक की मौके पर मौत… जिंदगी की जंग लड़ रहे माता-पिता – alwar truck hit bike youth killed parents critical lclcn


राजस्थान के अलवर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. मालाखेड़ा रोड पर नटनी का बारा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान चांद पहाड़ी निवासी दिनेश के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दिनेश अपने माता-पिता के साथ बाइक से सतनाहन गांव में रिश्तेदारी जा रहा था. रास्ते में सामने से आ रहे एक ट्रक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयानक था कि दिनेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

यह भी पढ़ें: मकान की EMI भरने के लिए ‘अंकल’ का मर्डर, अलवर में बुजुर्ग की हत्या का 12 घंटे में खुलासा

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल भिजवाया, जबकि पुलिस को भी हादसे की जानकारी दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.

माता-पिता की हालत गंभीर, अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे में घायल दिनेश के माता-पिता को गंभीर हालत में अलवर के सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है. चिकित्सकों के मुताबिक, दोनों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उन पर लगातार नजर रखी जा रही है.

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

अलवर

दिनेश की अचानक मौत की खबर जैसे ही उसके गांव चांद पहाड़ी पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं.

ग्रामीणों ने लगाया जाम, खतरनाक मोड़ पर सुरक्षा की उठाई मांग

हादसे से नाराज ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए मालाखेड़ा रोड पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. लोगों का कहना था कि नटनी का बारा के पास मौजूद यह मोड़ लंबे समय से हादसों का केंद्र बना हुआ है. यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार प्रशासन से स्पीड ब्रेकर लगाने और अन्य सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की जा चुकी है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला. उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक इंतजाम किए गए होते तो शायद एक और परिवार उजड़ने से बच सकता था.

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया और उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *