दिल्ली में चाकूबाजी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. सेंट्रल दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में एक युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई. हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए.
जानकारी के मुताबिक, आनंद पर्वत के गली नंबर 16 (नई बस्ती) में कुणाल ढींगरा (18 साल) पर कुछ बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते ताबड़तोड़ चाकू से कई वार किए. गंभीर रूप से घायल कुणाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही आनंद पर्वत थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.
दिल्ली में बढ़ते चाकूबाजी के मामले
बता दें कि दिल्ली में लगातार चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं. इससे पहले 16 सितंबर को केशव पुरम के कन्हैया नगर में एक शराब की दुकान के बाहर दो युवकों पर चाकू से हमला किया गया था. इस हमले में एक युवक की मौत हो गई थी और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था.
यह भी पढ़ें: 2 लाख रुपये रिश्वत मांगी, नहीं दिए तो कैदी पर चाकू से हमला, पत्नी ने जेल प्रशासन पर लगाए आरोप
वहीं, 11 सितंबर को पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में मामूली बात पर हुए झगड़े के बाद 22 साल के वंश पर ताबड़तोड़ 17 बार चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी गई थी. इस मामले में मुख्य आरोपी केशव कुमार को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है.
—- समाप्त —-
