केंद्र सरकार ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लिया है. दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद से सतीश गोलचा को हटाया गया है. अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त कर दिया. अनुराग कुमार पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर तैनात थे. उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ कैबिनेट ने गुरुवार को आईबी से हटाकर उनके मूल कैडर एजीएमयूटी में वापस भेजा था. इसके एक दिन बाद ही उन्हें दिल्ली पुलिस की कमान सौंप दी गई.
सरकार की तरफ से जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया कि सक्षम अधिकारी की मंजूरी के बाद 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया जाता है. यह नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने की तारीख से लागू होगी और अगले आदेश तक जारी रहेगी.
अनुराग कुमार 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और उनका करियर दिल्ली पुलिस से ही शुरू हुआ था. वे दिल्ली के कई जिलों में डीसीपी यानी डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस के पद पर काम कर चुके हैं.
दिल्ली पुलिस में लंबे अनुभव के बाद वे आईबी में गए और वहां लगातार बने रहे. आईबी में रहते हुए उन्हें स्पेशल डायरेक्टर के पद तक पहुंचने का मौका मिला. अब वापस उन्हें दिल्ली पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी दी गई है.
वहीं कमिश्नर सतीश गोलचा 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. आदेश के मुताबिक, जैसे ही अनुराग कुमार अपना कार्यभार संभालेंगे, सतीश गोलचा को आगे की पोस्टिंग के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल के पास रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है. बताया जा रहा है कि सतीश गोलचा का रिटायरमेंट अप्रैल 2027 में होना था, लेकिन उन्हें समय से पहले ही इस पद से हटा दिया गया है.
यह खबर शुरुआती सूचनाओं के साथ प्रकाशित की गई है. जल्द नए अपडेट्स जोड़े जाएंगे.
—- समाप्त —-
