मेरठ में 28 क्विंटल नकली पनीर बरामद, सगे भाई चला रहे थे फैक्ट्रियां, दिल्ली-उत्तराखंड तक होती थी सप्लाई – 28 Quintals of fake and Adulterated Paneer Seized in Meerut Brothers Running Factory lclam


लखनऊ से आई खाद्य विभाग की विशेष टीम और मेरठ पुलिस ने गुरुवार को जानी थाना क्षेत्र के नगला कुंभा गांव में नकली पनीर बनाने वाली दो फैक्ट्रियों पर छापेमारी की. सगे भाई हामिद और जाबिर अपने गांव में अवैध रूप से मिलावटी पनीर तैयार कर दिल्ली, उत्तराखंड और एनसीआर के जिलों में सप्लाई कर रहे थे. शिकायत के आधार पर आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में हामिद की फैक्ट्री से 16 क्विंटल और जाबिर की फैक्ट्री से 12 क्विंटल नकली पनीर बरामद हुआ. टीम ने पनीर के साथ मौके से भारी मात्रा में पामोलिन तेल, मैदा और संदिग्ध केमिकल बरामद कर पूरा स्टॉक नष्ट करा दिया. छापेमारी के दौरान दोनों आरोपी भाई मौके से फरार हो गए.

खतरनाक केमिकल से बनता था पनीर

छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके राठी ने बताया कि फैक्ट्रियों से 5300 लीटर दूध के अलावा 510 लीटर रिफाइंड पामोलिन तेल, 35 किलो मैदा और नीले रंग का संदिग्ध केमिकल मिला है. 

इन सामग्रियों का इस्तेमाल करके नकली पनीर और डेयरी प्रोडक्ट बनाए जा रहे थे. टीम ने बरामद सामान के नमूने जांच के लिए लैब भेज दिए हैं और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई है.

आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने फरार आरोपी भाइयों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. अधिकारियों के मुताबिक, यह पनीर गिरोह बड़े पैमाने पर एनसीआर के बाजारों में मिलावटी माल खपा रहा था. 

फिलहाल, फैक्ट्रियों को सील कर दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. खाद्य विभाग ने साफ किया है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *