Headlines

‘साथ जी नहीं सकते तो साथ मर सकते हैं…’, बांदा में प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर दी जान – banda love couple death marriage family opposition poison khakar di jaan lclcn


उत्तर प्रदेश के बांदा से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के कमासिन थाना क्षेत्र में एक युवक और चित्रकूट की रहने वाली एक युवती के शव एक साथ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले साल से प्रेम संबंध था और वे शादी करना चाहते थे. हालांकि, परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे.

जानकारी के मुताबिक, दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे. दोनों एक ही जाति बताए जा रहे हैं. लड़की के परिजनों के मुताबिक, युवक का परिवार इस रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था. शादी में आ रही पारिवारिक अड़चन के चलते दोनों मानसिक तनाव में थे. बीते दिन दोनों साथ थे और इसी दौरान उन्होंने फैलसा कर लिया कि साथ जी नहीं सकते तो साथ मर तो सकते हैं. 

यह भी पढ़ें: एक ही जमीन के कागज पर हजार अपराधियों की जमानत, बांदा पुलिस ने मास्टरमाइंड शिव स्वरूप को दबोचा

इसके बाद दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया. गांव के बाहर दोनों के बेहोश पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमासिन पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया.

गांव के बाहर बेहोशी की हालत में मिले दोनों

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों को गंभीर हालत में देखा था. इसके बाद बिना देरी किए उन्हें अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सकों की कोशिश के बावजूद दोनों की जान नहीं बच सकी. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों का पंचायतनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए बांदा स्थित रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज भेज दिया.

मामले की जानकारी देते हुए डिप्टी एसपी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि कमासिन थाना क्षेत्र में सूचना मिली थी कि गांव के बाहर एक सजातीय प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खा लिया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक और युवती बेहोशी की अवस्था में मिले. दोनों को तत्काल सीएचसी कमासिन ले जाया गया.

डिप्टी एसपी के मुताबिक, अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस के अनुसार, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है. पुलिस अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है.

परिवार की रजामंदी नहीं बनी, प्रेम कहानी का हुआ दर्दनाक अंत

बताया जा रहा है कि युवक और युवती एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवारों की सहमति नहीं बन पा रही थी. इसी वजह से दोनों तनाव में रहने लगे थे. परिजनों के मुताबिक, रिश्ते को लेकर दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी और वे शादी के लिए परिवार को मनाने की कोशिश कर रहे थे.

मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

एक साल से चल रही इस प्रेम कहानी का अंत दोनों की मौत के साथ हो गया. घटना के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *