Headlines

सीएम योगी का बड़ा ऐलान: यूपी पुलिस में होगी 1 लाख नई भर्तियां, युवाओं को मिलेगा मौका – CM Yogi big announcement major recruitment 1 lakh new vacancies in UP Police sarkari naukari goverment job lclg


उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है कि यूपी में इस वर्ष करीब एक लाख नई पुलिस भर्तियां की जाएंगी. यह घोषणा पुलिस दूरसंचार विभाग के 936 चयनित परिचालकों को नियुक्ति पत्र वितरित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने की.

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने बताया कि बीते वर्षों में जिस तरह पारदर्शिता और गति के साथ भर्तियां हुई हैं, उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अब यह बड़ा कदम उठाया जा रहा है.

9 साल में 2.20 लाख से ज्यादा भर्तियां

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछले वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि बीते 9 सालों में 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती सफलतापूर्वक पूरी की गई है. यह सिर्फ संख्या नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा बदलाव है. उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ होती है, नीति स्पष्ट होती है और काम करने की इच्छाशक्ति मजबूत होती है, तब परिणाम भी दिखते हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस ने इसी सोच के साथ खुद को एक नई पहचान दी है.

मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को विकास की पहली शर्त बताते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है. यही कारण है कि देश और विदेश के निवेशक राज्य में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था के कारण ही आज प्रदेश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है और उद्योगों को भी अनुकूल माहौल मिल रहा है. निवेश और रोजगार के इस चक्र में पुलिस की भूमिका अहम है.

तकनीक और कम्युनिकेशन पर जोर

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस व्यवस्था में कम्युनिकेशन की अहमियत पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था को मजबूत बनाने में संचार तंत्र की बड़ी भूमिका होती है. जितना बेहतर कम्युनिकेशन होगा, पुलिस उतनी ही तेजी और सटीकता से काम कर पाएगी. इससे न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि आम नागरिक को भी राहत मिलेगी. उत्तर प्रदेश पुलिस की एक खास पहल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य देश का पहला ऐसा प्रदेश है, जिसने 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया है. इसका असर खेल के मैदान में भी देखने को मिला है. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ी लगातार पदक जीत रहे हैं, जिससे प्रदेश का नाम रोशन हो रहा है.

युवाओं के लिए बड़ा मौका

हालांकि भर्ती की विस्तृत प्रक्रिया, पदों का विवरण और आवेदन की तारीखों को लेकर अभी आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार है, लेकिन मुख्यमंत्री के इस ऐलान ने संकेत दे दिया है कि आने वाले समय में बड़ी भर्ती प्रक्रिया देखने को मिलेगी.

—- समाप्त —-





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *