10 मिनट में 50 लाख के 77 मोबाइल साफ, गुजरात में मोबाइल शोरूम में फिल्मी अंदाज में चोरी, VIDEO – vadodara mobile showroom thieves steal smartphones worth fifty lakhs ntc ksrj


गुजरात के वडोदरा शहर में शातिर चोरों ने पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. आजवा रोड पर स्थित एक नामी मोबाइल शोरूम को निशाना बनाकर चोरों ने मात्र 10 से 15 मिनट के भीतर करीब 50 लाख रुपये से अधिक के कीमती मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया.

चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.

यह सनसनीखेज वारदात आजवा रोड पर स्थित श्री हरि टाउनशिप के ‘फोन बुक’ मोबाइल शोरूम की है. देर रात दो नकाबपोश चोर एक बाइक पर सवार होकर आए. दोनों ने पहचान छुपाने के लिए चेहरे पर मास्क और काले रंग के कपड़े पहन रखे थे. चोरों ने बेहद चालाकी से शोरूम का शटर आधा ऊपर उठाया और भीतर दाखिल हो गए.

नामी कंपनियों के मोबाइल साफ

शोरूम के भीतर चोरों ने महज 10 से 15 मिनट की गड़बड़ाहट में पूरी दुकान को खंगाल डाला. वे दुकान के डिस्प्ले और स्टॉक रूम से आईफोन (iPhone), सैमसंग (Samsung) और वीवो (Vivo) जैसी नामी कंपनियों के करीब 77 कीमती मोबाइल फोन समेट कर रफूचक्कर हो गए. इतना ही नहीं, जाते-जाते चोर काउंटर के गल्ले में रखी 15 हजार रुपये की नकदी भी बटोर ले गए. चोरी गए इन मोबाइलों की कुल कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है.

यह भी पढ़ें: बेगूसराय के होटल में ठहरा कारोबारी, कमरे से 3 लाख रुपये और मोबाइल चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

शनिवार सुबह जब शोरूम के मालिक धर्मेंद्र त्रिलोकाणी हमेशा की तरह दुकान खोलने पहुंचे, तो शटर उठा देखते ही दंग रह गए. अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था और सभी कीमती फोन गायब थे. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी.

घटना की सूचना मिलते ही बापोद पुलिस स्टेशन का काफिला और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी सबूत जुटाए हैं. बापोद पुलिस स्टेशन के पी.आई. डी.डी. लाडमोर के मुताबिक, शोरूम और आजवा रोड के अन्य सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से चोरों को दबोचने के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर तलाश शुरू कर दी है.

(इनपुट- तुषार पटेल)

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *