‘तूफान से पहले की शांति…’, मध्य-पूर्व में तनाव के बीच ट्रंप की युद्धपोतों वाली रहस्यमयी पोस्ट वायरल – us president donald trump shares cryptic warship image iran tension ntc ksrj


मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और होर्मुज में समुद्री सुरक्षा को लेकर उपजे विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने पूरी दुनिया में खलबली मचा दी है. शनिवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक बेहद रहस्यमयी और युद्ध के संकेतों वाली तस्वीर साझा की. 

इस तस्वीर में अमेरिकी और ईरानी युद्धपोत (Warships) एक-दूसरे के आमने-सामने नौसैनिक टकराव की स्थिति में दिखाई दे रहे हैं, और फोटो के अंदर कैप्शन में लिखा है,”यह तूफान से पहले की शांति थी.”

 कयासों का बाजार गर्म
एआई द्वारा बनाई गई तस्वीर में में ट्रंप आक्रामक मुद्रा में एक वॉरशिप पर खड़े हैं जिसमें पीछे अमेरिकी नौसेना अधिकारी हैं. समुद्र में ईरानी झंडे वाले वॉरशिप हैं और आसमान में बिजली गरजने के साथ समुद्र में तेज लहरें यानि तूफान आया हुआ है.

हैरान करने वाली बात यह है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने इस तस्वीर के साथ कोई स्पष्टीकरण जारी नहीं किया. उन्होंने इसे पूरी तरह से ओपन-टू-इंटरप्रिटेशन छोड़ दिया है. अंतरराष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक इस पोस्ट को ईरान के लिए एक सीधी और कड़ी चेतावनी के रूप में देख रहे हैं, क्योंकि होर्मुज स्ट्रैट में पिछले कुछ दिनों से अमेरिकी और ईरानी नौसेना के बीच रणनीतिक टकराव की खबरें आ रही हैं.

इस नौसैनिक युद्धपोत वाली पोस्ट के अलावा राष्ट्रपति ट्रंप ने एक और चौंकाने वाली तस्वीर साझा की. इस दूसरी तस्वीर में ट्रंप किसी हाई-टेक ‘स्पेस वॉर रूम’ (अंतरिक्ष युद्ध नियंत्रण कक्ष) जैसी जगह पर खड़े होकर बेहद गंभीरता से बड़ी स्क्रीनों पर स्थिति की निगरानी करते हुए दिखाई दे रहे हैं. इस तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन में सिर्फ ‘स्पेस फोर्स’ (Space Force) लिखा है.

दुनिया भर में बढ़ी चिंताएं
डोनाल्ड ट्रंप द्वारा बैक-टू-बैक शेयर की गई इन तस्वीरों ने सोशल मीडिया से लेकर अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म है. अतीत में भी ट्रंप कई बार “तूफान से पहले की शांति” जैसे मुहावरों का इस्तेमाल बड़ी सैन्य कार्रवाइयों या रणनीतिक फैसलों से पहले कर चुके हैं. 

व्हाइट हाउस की तरफ से अभी तक इन पोस्ट्स पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है, लेकिन इस घटनाक्रम ने साफ कर दिया है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव इस वक्त अपने चरम पर पहुंच चुका है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *