Tori Oats Khichdi Recipe: जब भी घर में किसी की तबीयत थोड़ी नासाज हो, या बाहर का भारी-भरकम खाना खाकर पेट खराब चुका हो, तो दिल और दिमाग से एक ही आवाज आती है. आज तो बस हल्की-फुल्की खिचड़ी बना लो. लेकिन क्या हो अगर हम पारंपरिक चावल वाली खिचड़ी को एक ऐसा मॉडर्न और सुपर-हेल्दी ट्विस्ट दें जो सेहत भी सुधारे और स्वाद में भी लाजवाब हो. क्या आपने कभी तोरई के साथ ओट्स वाली खिचड़ी खाई है, अगर नहीं खाई है तो एक बार जरूर बनाकर देखिए.
बचपन में शायद हम सबने तोरई को देखकर मुंह बनाया होगा. पर सच मानिए, जब यह ओट्स के साथ मिलती है, तो इसका टेक्सचर एकदम मखमली हो जाता है. तोरई में भरपूर मात्रा में पानी और डाइटरी फाइबर होता है, जो पेट को बहुत ठंडक देता है. वहीं दूसरी ओर, ओट्स कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट और बीटा-ग्लूकेन का खजाना है.
जब ये दोनों मिलते हैं, तो बनती है एक ऐसी खिचड़ी जो वजन कम करने वालों के लिए वरदान है और जब खाना बनाने का मन हो तो उस शाम यह डिनर के लिए भी बेस्ट डिश है. इसे बनाने के लिए आपको किसी तामझाम की जरूरत नहीं होती है, यह घर मसालों से झटपट बन जाती है.
तोरई ओट्स खिचड़ी के लिए इंग्रेडिएंट्स
- 1 प्याज
- 1 टमाटर
- 1 मुट्टी कप पीली मूंग की दाल
- 1 मुट्टी हरी मूंग की दाल
- 1 कप ओट्स
- 2 तोरई (कद्दूकस की हुई)
- नमक
- हरी मिर्च
- लाल मिर्च
- हल्दी
- सब्जी मसाला
- पानी
- हींग
- जीरा
- देसी घी
तोरई ओट्स खिचड़ी बनाने का आसान तरीका
- सबसे पहले गैस पर कुकर रखें और उसमें देसी घी डालकर गर्म करें.
- घी में जीरा, हींग डालकर चलाए और फिर प्याज डालकर भून लें.
- प्याज के गोल्डन होने के बाद बारीक कटा टमाटर डालकर मिलाएं
- इसके बाद कद्दूकस की हुई तोरई मिलाएं और मूंग की दाल डालकर कुछ मिनट के लिए भून लें.
- फिर ओट्स डालकर सारे मसाले डालें और जरूरत के हिसाब से पानी डालकर बंद कर दें.
- 2 सीटी आने के बाद गैंस बंद कर दें और गरमा गरम तौरी ओट्स खिचड़ी का लुफ्त उठाएं.
तो अगली बार जब आपको कुछ हल्का, झटपट और बेहद पौष्टिक खाने का मन करे, तो तौरी ओट्स खिचड़ी बनाकर जरूर देखिएगा. आप चाहे तो इसके साथ थोड़ा सा खीरे का सलाद, धनिया-पुदीने की चटनी, अचार और पापड़ खा सकते हैं, इससे इसका स्वाद दोगुना हो जाता है.
—- समाप्त —-
