बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चला. बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह मतदान का अंतिम आंकड़ा नहीं है. बिहार की बांकीपुर सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता है. यहां त्रिकोणीय मुकाबला है. मैदान में जनसुराज के प्रशांत किशोर, बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा और आरजेडी की रेखा गुप्ता हैं.
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भी शांतिपूर्ण ढंग से वोटिंग हुई. शाम 6 बजे तक लगभग 72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
जिला मजिस्ट्रेट और चुनाव अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली, हालांकि कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एक जगह पुलिस ने उनके पोलिंग स्टेशन एजेंट को हटा दिया था.
इस सीट पर 2023 के विधानसभा चुनावों में सबसे ज़्यादा 80.20 प्रतिशत मतदान हुआ था. मध्य प्रदेश की दतिया सीट मुकाबला बीजेपी के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच है.
वहीं, गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 37.5 प्रतिशत मतदान हुआ. गौरतलब है कि 2022 के गुजरात विधानसभा चुनावों में इस सीट पर 60.15 प्रतिशत मतदान हुआ था.
गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ने एक बयान में कहा कि सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ. उन्होंने कहा कि सभी रिपोर्ट मिलने के बाद मतदान का अंतिम आंकड़ा थोड़ा बढ़ सकता है.
मांजलपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव बीजेपी विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद हो रहा है. यह सीट पाटीदार बहुल मानी जाती है, इसलिए बीजेपी ने एक पाटीदार नेता को उम्मीदवार बनाया है. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी बीजेपी के इस गढ़ में सेंध लगाने की कोशिश में हैं. कांग्रेस ने एक अनुभवी नेता को उतारा है, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो नजर आ रहा है.
—- समाप्त —-
